
दस लाख रुपए की शराब जब्त
आरोपी फरार: चुनावों में खपाने का लगाया जा रहा है अनुमान
रींगस. चुनावों में खपाने के लिए लाई जा रही हरियाणा निर्मित शराब के 160 कार्टन व पिकअप गाड़ी को रींगस थाना पुलिस ने रविवार देर शाम श्रीमाधोपुर सडक़ पर महरोली मोड़ के पास जब्त किया है। पिकअप का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जब्त की गई शराब की कीमत करीब नौ से दस लाख रूपये बताई जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार श्रीमाधोपुर सडक़ मार्ग पर शाम को गस्त के दौरान एक पिकअप के चालक को रुकने का इशारा किया गया तो पिकअप का चालक गाड़ी को पास के ही एक कच्चे रास्ते में भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो कार चालक गाड़ी को छोडकऱ फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी व शराब जब्त कर ली है। पुलिस का मानना है कि इस शराब को विधानसभा चुनावों में खपाने के लिए सीकर जिले में या कहीं अन्य स्थान पर ले जाया जा रहा था। पकड़ जाने के डर से आरोपी गाड़ी को छोडकऱ फरार हो गए। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छत पर रखे थे पत्थर
पुलिस ने बताया कि पिकअप में सवार आरोपियों की संख्या एक से अधिक भी हो सकती है। आरोपियों ने पिकअप के केबिन की छत पर पत्थर रख रखे थे ताकी पीछा होने पर आरोपी उन से हमला कर सके। आरोपियों ने पिकअप के पीछे की नम्बर प्लेट को भी खोलकर शराब के कार्टन के बीच छुपा रखा था। जिससे की कोई पीछे से गाड़ी के नम्बर ना देख पाए।
देशी शराब बरामद
पलसाना. पुलिस ने रविवार को अवैध रूप से शराब लेकर जाते हुए मुकेश कुमार निवासी पलसाना को गिरफ्तार किया है। वह खंडेला रोड की ओर से आ रहा था। पुलिस को शक होने पर उसके कंधे पर लटक रहे थेले को चैक किया तो उसमें अवैध देशी शराब के 93 पव्वे पाए गए। पुलिस अवैध शराब के खरीद फरोख्त को लेकर आरोपित से पूछताछ कर रही है।
Updated on:
05 Nov 2018 06:06 pm
Published on:
05 Nov 2018 06:06 pm
