
सीकर में माइनस में भी पारे का गोता @ -2.8
सीकर. राजस्थान के सीकर जिले में सर्दी का सितम थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिन आंशिक राहत के बाद पारा बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी माइनस में गोता लगा गया। फतेहुपर में बुधवार का न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। जो मंगलवार के माइनस एक डिग्री से 1.8 डिग्री नीचे रहा। जिससे जिले में जर्रा जर्रा जमा और हर काया कांपती नजर आई। सर्दी से बचने के लिए लोग जहां सुबह देर तक रजाई में दुबके रहे। वहीं, दिन में भी गर्म कपड़ों में लदे अलाव का सहारा लेकर सर्दी से बचने की जुगत करते नजर आ रहे हैं। बतादें कि इससे पहले फतेहपुर में लगातार 9 दिन तक तापमान माइनस में रहा था। जो अब तक के रिकॉर्ड स्तर पर था। इसके बाद रविवार और सोमवार को जरूर दो दिन पारा माइनस से बाहर आया। लेकिन, मंगलवार से पारा फिर माइनस में लुढक़ गया। जो आज और भी नीचे गिरा।
कोहरे की आगोश में रहा जिला
सर्दी के साथ जिले में कोहरे ने भी आमजीवन को प्रभावित कर रखा है। मंगलवार से शुरू हुए तेज कोहरे का दौर आज दूसरे दिन भी जारी रहा। जिले के कई इलाकों में आज सुबह कोहरे की चादर छाई रही। जिससे दृश्यता में काफी कमी रही। जिससे 100 मीटर की दूरी पर भी देखना मुश्किल हो गया। इससे खासतौर पर वाहन चालकों को खासी परेशानी से जूझना पड़ा। हेड लाइट जलाने के बाद भी वाहन चलाना मुश्किल हो गया था।
आगामी दिनों में ओर सताएगी सर्दी
फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र के अनुसार सर्दी का दौर आगामी दिनों में बढ़ेगा। सात दिनों की बात कि जाएं तो यह दिसंबर के सबसे सर्द दिन होते है। पिछले कई वर्षों में इन दिनों में खासी सर्दी देखने को मिली थी। इस बाद सर्दी कुछ दिन पहले शुरू हो गई, लेकिन दिसंबर के अंतिम सप्ताह में कई वर्षों से तापमान माइनस में जा रहा है, इस बार भी मौसम को देखते हुए लग रहा है कि आगामी सात दिनों तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम ही है। कोहरा बादलों की तरह वायुमण्डल में आवरण का काम करता है। कोहरा छंटने के साथ ही कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है।
Published on:
26 Dec 2018 11:36 am
