
woman commits suicide in khatushyamji sikar
सीकर.
खाटूश्यामजी में एक विवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर हत्या का मामला दर्ज कराया है। वहीं, मामले में एक सुसाइड नोट भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट कर प्रताडि़त करने से खुद को दुखी बताया। भाई को संबोधित करते हुए ससुराल वालों को माफ नहीं करने के लिए भी लिखा है।
सुसाइड नोट को मृतका ज्योति शर्मा का ही बताया जा रहा है। जिसके बाद जयपुर निवासी भाई मनोज ने भी अपनी रिपोर्ट में ससुराल पक्ष पर मारपीट व दहेज के लिए प्रताडि़त करने व हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। जिसके आधार पर पुलिस ने भी मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्रीमाधोपुर में मोबाइल की बैट्री फटने से झुलसा युवक
श्रीमाधोपुर. मोबाइल की बेट्री फटने से घायल हुए युवक को जयपुर रैफर किया गया है। युवक अपनी मोबाइल की दुकान पर सफाई कर रहा था कि अचानक काउंटर पर रखा मोबाइल धमाके साथ फट गया। मोबाइल के पुर्जे उछल कर उसकी आंखों में गिरने से वह घायल हो गया था।
जानकारी के अनुसार गौशाला बाजार स्थित मोबाइल की दुकान में सुबह मोबाइल की बैट्री फटने से दुकान पर मौजूद नरेंद्र घायल हो गया। दुकान मालिक महेश शर्मा ने बताया कि उसने गौशाला बाजार के पास मोबाइल सेल एंड सर्विस की दुकान कर रखी है। सुबह उनका पुत्र नरेन्द्र दुकान खोलने आया था। इसके बाद वह दुकान की साफ सफाई कर रहा था तभी तेज धमाके के साथ काउंटर में रखे मोबाइल की बेट्री फट गई और पूरी दुकान धूएं से भर गई। नरेंद्र के घायल हो जाने पर उसे निजी वाहन से सीएचसी पहुंचाया।
आंखों में घाव ज्यादा होने के कारण उसे बाद में जयपुर रैफर कर दिया गया। हालांकि काउंटर में ठीक होने के लिए आए और भी मोबाइल, चार्जर व अन्य सामान रखा हुआ था। सूचना के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंची थी।
Published on:
19 May 2018, 6:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.