6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पेट्रोल पम्प पर फायरिंग कर 2.10 लाख रुपए लूटे, पुलिस ने पीछा कर पांच को पकड़ा

भीमाणा के पास वारदात, पेट्रोल पम्प मालिक भी चोटिल
2 min read
Google source verification
sirohi

sirohi

सिरोही/पिण्डवाड़ा. जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र में फोरलेन हाइवे पर भीमाणा के पास रविवार शाम एक लग्जरी कार में पेट्रोल पम्प पर आए बदमाशों ने फायरिंग करते हुए 2.10 लाख रुपए लूट लिए। इसके बाद कार से फरार हो गए लेकिन पुलिस ने पीछा कर पांच बदमाशों को जंगलों से पकड़ लिया। वहीं आरोपियों के कब्जे से कार, 2 लाख 12 हजार रुपए नकद, देशी कट्टा व कारतूस बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार फोरलेन हाइवे पर भीमाणा व भारजा के बीच इंडियन ऑयल के पेट्रोल पम्प दल्ले खां एंड संस पर शाम को एक लग्जरी कार में पांच युवक आए। इसमें दो नीचे उतरे और पम्पकर्मीसे बाथरूम के बारे में पूछा। इसके बाद सीधे ऑफिस की ओर जाने लगे। इस दौरान ऑफिस में पम्प मालिक जोधपुर निवासी सागर खान राशि की गणना कर रहे थे, लेकिन गेट अंदर से बंद होने से बदमाश अंदर नहीं घुस पाए। ऐसे में बदमाशों ने ऑफिस के कांच पर फायरिंग की जिससे कांच टूट गया। इसके बाद भी पम्प मालिक ने गेट नहीं खोला तो बदमाशों ने एक और फायर कर दिया। वहीं बदमाश पम्पकर्मियों से भी उलझने लगे। इस पर पम्प मालिक भी बाहर आए लेकिन बदमाश ऑफिस में रखे करीब 5 लाख रुपए लेकर भागने लगे। जिस पर पम्प मालिक और पम्पकर्मियों ने बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया। ऐसे में हड़बड़ाहट में बदमाशों के हाथों से नकदी नीचे गिर गई लेकिन 2.10 लाख रुपए लेकर लग्जरी कार से किंवरली की ओर भाग गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए थे। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पीछा किया तो फिर चलाई गोलियां
बदमाश लूट कर भागने लगे तो पम्प मालिक समेत ग्रामीणों ने पीछा किया। वहीं सूचना के बाद पुलिस भी बदमाशों के पीछे लग गई। जिस पर बदमाश किंवरली से कच्चे रास्ते पर मुड़ गए। बदमाशों ने पीछा करने पर किंवरली के पास पम्प मालिक की गाड़ी पर दो बार फायरिंग की। ऐसे में एकबारगी तो पम्प मालिक और ग्रामीणों ने पैर पीछे हटा लिए, लेकिन बाद में पुलिस की सख्त नाकाबंदी होने से ग्रामीण भी बदमाशों के पीछे लग गए। इसके बाद बदमाश जंगल में घुस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों की फायरिंग के चपेट में आने से पम्प मालिक सागर खां के हाथ में चोट आई।
फायरिंग करते हुए जंगल में घुस गए
सूचना पर रोहिड़ा थाना प्रभारी भगवतसिंह मौके पर पहुंचे और आरोपियों का पीछा शुरू किया। वहीं आस-पास के थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ऐसे में पुलिस से घिरने पर आरोपी फायरिंग करते हुए वाहन छोड़कर जंगल में घुस गए लेकिन पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
वारदात की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक जय यादव, माउंट आबू डीएसपी हीरालाल रजक, सिरोही डीएसपी विक्रमसिंह, आबूरोड सदर थाना प्रभारी अनिल बिश्नोई, सरूपगंज थाना प्रभारी ललित किशोर समेत आस-पास के पुलिस थानों से भी जाप्ते के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

&पम्प पर लूट की सूचना के बाद जिलेभर में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा गैंग के पांच बदमाशों को जंगल में घेरकर पकड़ लिया। इन बदमाशों के कब्जे से एक देशी कट्टा व कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा 2 लाख 12 हजार रुपए भी मिले हैं। बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
जय यादव, पुलिस अधीक्षक, सिरोही

&वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें भी सतर्क हो गई थीं। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बदमाशों को पकड़ लिया।
संदीप जयसवाल, जिलाध्यक्ष, पेट्रोल पम्प एसोसिएशन, सिरोही