
प्रतीकात्मक तस्वीर
सिरोही। जिले में पॉक्सो मामले में फरार चल रहे और थाना स्तर की टॉप-10 सूची में शामिल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर दो नाबालिग बालिकाओं के अपहरण और उनमें से एक के साथ बलात्कार करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है, जबकि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार 20 अप्रेल को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उसकी दो नाबालिग पुत्रियां 9 अप्रेल को घर से बाहर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
यह वीडियो भी देखें
परिजनों ने आशंका जताई कि पड़लाई मांडवा थाना क्षेत्र, उदयपुर निवासी युवक दोनों को अपने साथ ले गया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और दोनों बालिकाओं को दस्तयाब कर लिया। पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने आरोपी पर बलात्कार का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम सहित गंभीर धाराएं जोड़ दीं। पुलिस ने आरोपी की लगातार तलाश की और आखिरकार उसे पकड़ लिया। आरोपी मजदूरी का काम करता है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ सिरोही जिले के रेवदर थाना क्षेत्र में गत दिनों जंगल में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते उसने हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया। थानाधिकारी सीताराम ने बताया कि 9 मई को अनापुर स्थित मामाजी की ओरण क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिला था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड, एफएसएल तथा एमओबी टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान करीब 12 घंटे में महिला की पहचान आशाबेन उर्फ हंसा निवासी जालोर के रूप में हुई, जो हाल में गुजरात के नाडियाड में रह रही थी। पुलिस ने आसपास लगे कैमरों के दृश्य खंगाले। इसमें एक संदिग्ध कार घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी। वाहन नंबर और मोबाइल कॉल विवरण के आधार पर पुलिस मृतका के पति दिनेश कुमार तक पहुंची। पूछताछ में शक गहराने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Updated on:
22 May 2026 05:21 pm
Published on:
22 May 2026 05:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
