
अंधविश्वास का घिनौना खेल: एंग्जायटी ठीक करने के नाम पर तांत्रिक ने किया बलात्कार (फोटो-एआई)
सिरोही/जालोर: राजस्थान में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर एक लड़की को अपनी हवस का शिकार बनाने और उससे लाखों रुपए ऐंठने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिरोही पुलिस ने 'जीरो नंबर एफआईआर' दर्ज कर ली है। चूंकि वारदात का मुख्य क्षेत्र जालोर जिला है, इसलिए मामले की अगली जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए इसे जालोर के रामसीन थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पीड़िता ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि वह काफी समय से एंग्जायटी डिसऑर्डर (घबराहट और मानसिक तनाव) से जूझ रही थी। मेडिकल इलाज से आराम न मिलने पर परेशान परिजन मानसिक राहत की उम्मीद में उसे जालोर जिले के सिणधरा निवासी एक कथित तांत्रिक (भोपा) के पास ले गए।
आरोपी ने खुद को तंत्र-विद्या का बड़ा जानकार बताते हुए दावा किया कि वह लड़की को पूरी तरह ठीक कर देगा। अपनी मीठी बातों से उसने जल्द ही पीड़िता के परिवार का भरोसा जीत लिया।
विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने तंत्र-क्रिया और विशेष पूजा-पाठ के बहाने लड़की को हर 15 दिन में बुलाना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उसका आना-जाना पीड़िता के गुजरात स्थित आवास पर भी हो गया।
आरोप है कि करीब दो महीने पहले आरोपी पीड़िता के घर आया और पूजा के बहाने उसे एक कमरे में ले गया। वहां उसने लड़की को नींबू के रस में कोई नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। जब लड़की बेसुध हो गई, तो आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। इस घिनौनी करतूत के दौरान उसने लड़की की कुछ अश्लील तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए।
होश में आने पर जब पीड़िता को इस बात का अहसास हुआ, तो आरोपी ने उसे वे अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। समाज में बदनामी के डर से पीड़िता सहम गई और आरोपी के चंगुल में फंसती चली गई।
इसी ब्लैकमेलिंग के दम पर कथित तांत्रिक ने पीड़िता से करीब 80 हजार रुपए नकद, एक सोने की चेन और लगभग 15 तोला चांदी ऐंठ ली। पीड़िता का आरोप यह भी है कि आरोपी डरा-धमकाकर उसे अपनी गाड़ी में अलग-अलग जगहों पर ले जाता था और वहां भी नशीली चीजें देकर उसका यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और सिरोही के पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के समक्ष पेश होकर न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जीरो नंबर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।
चूंकि घटना का मुख्य घटना स्थल जालोर जिले का रामसीन थाना क्षेत्र है। इसलिए तकनीकी रूप से मामला वहां ट्रांसफर कर दिया गया है। जालोर पुलिस अब आरोपी की तलाश और मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।
बताते चलें कि यह घटना एक बार फिर सचेत करती है कि मानसिक बीमारियों के लिए तांत्रिकों या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय योग्य डॉक्टरों से परामर्श करना कितना जरूरी है, ताकि ऐसे अपराधियों को पनपने का मौका न मिले।
Updated on:
21 May 2026 01:32 pm
Published on:
21 May 2026 12:27 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
