
SIROHI
सिरोही. उत्साह व उमंग का पर्व जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र में बुधवार व गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर युवा समेत बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। वहीं बुधवार रात नौ बजे बाद शुभ मुहूर्त पर ढोल-ढमाकों व फागण के गीतों के साथ होलिका दहन किया गया। इसके बाद में लोगों ने गेहूं की बालियां सेंकी गई। दूसरे दिन गुरुवार को सुबह धुलण्डी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दिन लोगों ने एक-दूसरे पर गुलाल उड़ेल कर मनाया। इसके साथ ही कई घरों में नौनिहालों का ढूंढोत्सव मनाया गया। यह कार्यक्रम पूरे दिन चलता रहा। शाम को कई जगह पर गैर नृत्य का आयोजन हुआ। उधर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो दिन पुलिस जाप्ता भी तैतान रहा।
वराड़ा. क्षेत्र के भूंतगांव, कालन्द्री, मनोरा, देलदर समेत आदि गांवों में होली का पूर्व मनाया गया। ग्रामीण ने बताया कि छह साल बाद होली दहन किया गया।
दांतराई. होली व धुलण्डी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। पंडित कांतिलाल त्रिवेदी के सान्निध्य में होलिका का दहन किया। गांव के मुख्य चौराहा पर गैर नृत्य का आयोजन किया।
पाड़ीव. हनुमान मंदिर चौक व मेघवाल वास में बुधवार शाम को होली का पर्वधूमधाम मनाया गया। साथ ही बुधवार रात होलिका दहन किया गया।
मंडार. क्षेत्र में परम्परागत रूप से बुधवार को होलिका दहन किया गया। ग्रामीणों ने देर रात तक नवजात शिशु को ढम-ढम ढोकलु, आबा जतरू छोकरू के उद्घोष के साथ ढूंढोत्सव मनाया। वहीं गुरुवार सवेरे लोगों ने एक-दूसरे से गुलाल डालकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी। पहाड़ी पर स्थित लीलाधारी महादेव मंदिर के मुख्य द्वार के पास पुरोहित गोमठ परिवार के लोगों नें वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका का दहन किया।
पोसालिया. क्षेत्र में होली महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। एक-दूसरे पर रंग-गुलाल डालकर अपनी खुशी का इजहार किया। वहीं नवजातकों को ढूंढोत्सव के तहत नव परिधानों में सजे धजे नवजातकों को गैरियों ने डांडियों की खनक और महिलाओं के होली के रसगानों के साथ ढूंढोत्सव मनाया।
Published on:
22 Mar 2019 05:47 pm
