
sirohi
सिरोही. जिले में प्रारम्भिक व माध्यमिक शिक्षा की स्कूलों की कायाकल्प होगी। इसको लेकर विभाग की ओर से बजट जारी किया गया है। ऐसे में मूलभूत सुविधाओं को तरस रही स्कूलों में मरम्मत, स्वच्छता, खेलकूद, शिक्षण सामग्री समेत अन्य कार्यकरवाए जा सकेंगे। इससे अब संस्था प्रधान एसएमसी की बैठक में प्रस्ताव लेकर स्कूल विकास के कार्य करवा सकेंगे। विभाग की ओर से स्वीकृत राशि सीधे स्कूल के खातों में जमा कराईजाएगी। जिले में प्रारम्भिक शिक्षा के ७५९ प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए दो करोड़ ४९ लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा की २२४ माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों के एक करोड़ ५२ लाख की राशि स्वीकृत की गई है। यह राशि इसी सप्ताह स्कूल के खातों में जमा करवा दी जाएगी।
नामांकन के आधार पर मिलेगा बजट
विद्यालयों में विकास कार्यों के लिए नामांकन के आधार पर बजट आवंटन किया गया है। जिसके तहत १ से १५ तक के नामांकन वाली २० स्कूल है। इनके लिए प्रत्येक को १२ हजार ५०० रुपए स्वीकृत किए गए हैं।इसी तरह १६ से १०० तक के नामांकन वाली ५१० स्कूलों को प्रत्येक के लिए २५ हजार रुपए जारी किए हैं। वहीं १०१ से २५० तक के नामांकन वाली २१० स्कूल के लिए प्रत्येक को ५० हजार रुपए दिए हैं। इसके अलावा २५१ से १ हजार तक के नामांकन वाली १९ स्कूलों में प्रत्येक के लिए ७५ हजार रुपए का बजट जारी किया गया है। वहीं एक हजार से अधिक नामांकन वाली प्रत्येक स्कूल को एक लाख रुपए स्वीकृत किए हैं।
इनका कहना है...
दो दिन पहले की राशि आई है। इसी सप्ताह जिले की सभी स्कूलों के एसएमसी खातों में जमा कर दी जाएगी। इससे स्कूलों में मरम्मत सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा सकेगी।
सुनील गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी, समग्र शिक्षा विभाग, सिरोही
१३ पंचायतों को मिलेगा उजियारी सम्मान
सिरोही. जिला मुख्यालय पर राधा कृष्ण सभागार बग्घीखाना में मंगलवार सवेरे ११ बजे कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले की १३ उजियारी ग्राम पंचायत को सम्मानित किया जाएगा। समग्र शिक्षा अभियान के कार्यक्रम अधिकारी सुनील गुप्ता ने बताया कि सिरोही ब्लॉक की गोयली, रामपुरा, ऊड़, वराड़ा, मनोरा, भूतगांव, शिवगंज ब्लॉक की उथमण, रूखाड़ा, धु्रबाणा व पिण्डवाड़ा ब्लॉक की जनापुर, काछौली, नितौड़ा, भांवरी ग्राम पंचायत को सम्मानित किया जाएगा।वहीं उजियारी पंचायत के अंतर्गत सत्र २०१८-१९ में सर्वाधिक नामांकन करवाने वाले तीन शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। जिसमें जनापुर के वरिष्ठ अध्यापक दशरथसिंह, मनोरा स्कूल के व्याख्याता गोवाराम प्रजापत व ऊड स्कूल से यमुना चौधरी को सम्मानित किया जाएगा।
Published on:
02 Oct 2018 10:45 am
