
sirohi
सिरोही. शहर के शांति नगर में रविवार रात आरएसएस के कार्यालय में हुए खूनी संघर्ष व हत्या के मामले में दूसरे दिन सोमवार को भी पुलिस को वारदात के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कोतवाली थाना प्रभारी रामप्रतापसिंह ने परिस्थितिजन्य साक्ष्य के आधार पर आरएसएस जिला प्रचारक उत्तमगिरि वगैरह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि खिंवाड़ा (पाली) हाल संघ कार्यालय सिरोही निवासी शांतिलाल ने रिपोर्ट दी कि संघ कार्यालय में झगड़े की सूचना पर वहां पहुंचा तो प्रचारक उत्तमगिरि ने बताया कि संत अवधेशानंद ने चाकू के साथ संघ कार्यालय में प्रवेश कर उन पर जानलेवा हमला कर दिया है। रिपोर्ट में बताया कि हमले के समय एक अन्य व्यक्ति वहां मौजूद था और एक बाद में आ गया था। जिस पर उत्तमगिरि को चिकित्सालय पहुंचाया। जहां से गंभीरावस्था में उन्हें उदयपुर रैफर किया गया। पुलिस की ओर से दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच डीएसपी विक्रमसिंह को सौंपी गई।
टीम ने जुटाए साक्ष्य, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम
इधर, रविवार देर रात पुलिस की एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने समाजसेवी प्रकाश प्रजापति के सहयोग से शव वाहिनी के जरिए शव को सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। जहां सोमवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया।
रेंज आईजी ने ली जानकारी
इधर, जोधपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक संजीव कुमार नर्जरी भी सिरोही पहुंचे। उन्होंने एसपी जय यादव से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस टीम पहुंची उदयपुर
हमले में घायल व संत की हत्या के मामले में आरोपी संघ प्रचारक उत्तमगिरि का उदयपुर के एक निजी चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। ऐसे में कोतवाली थाना पुलिस की एक टीम उदयपुर पहुंची। जहां आरोपी का पुलिस निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
धारदार हथियार से वार
पुलिस की प्रारम्भिक पड़ताल में मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से वार करना सामने आया है। हालांकि, पुलिस ने मौके से एक चाकू जब्त किया है। लेकिन पुलिस का मानना है कि हत्या में किसी धारदार हथियार को प्रयुक्त किया गया है, लेकिन मौके पर ऐसा कोई हथियार नहीं मिला है।
मृतक के भाई पहुंचे
सूचना के बाद मृतक अवधेशानंद के भाई अहमदाबाद (गुजरात) निवासी सर्वेश शर्मा भी सिरोही पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक शव परिजनों को सुपुर्दनहीं किया जा सका था।
यह था मामला
गौरतलब है कि शहर के शांति नगर में रविवार रात आरएसएस कार्यालय में हुए खूनी संघर्ष में संघ के एकल विद्यालय प्रकल्प प्रभारी व संत अवधेशानंद (40) उर्फ अवधेश शर्मा पुत्र प्रेमप्रकाश निवासी कटरा (फैजाबाद) उत्तरप्रदेश की मौत हो गई थी। वहीं आरएसएस जिला प्रचारक उत्तमगिरि गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
सख्त कार्रवाई की मांग
वहीं अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने सोमवार दोपहर सामान्य चिकित्सालय पहुंचकर संत की हत्या के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग रखी। जिस पर एएसपी सरजीतसिंह मीणा समेत पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। प्रारम्भिक तौर पर संत व प्रचारक के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद हत्या होना सामने आया है। फिर भी हर पहलू को ध्यान में रखते हुए प्रकरण की जांच की जा रही है।
-जय यादव, एसपी, सिरोही
Updated on:
13 Nov 2018 11:39 am
Published on:
13 Nov 2018 11:39 am
