
sirohi
त्रिलोक शर्मा
शिवगंज (सिरोही). सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से सड़क जैसे कार्यों को किस तरह से अंजाम दिया जाता है? इसकी बानगी देखिए...चांदाणा पुलिया से कानपुरा सरहद को जोडऩे वाली सड़क ने तीन दिन में ही जवाब दे दिया है। इस सड़क की गारंटी पांच साल की है और जगह-जगह से टूट कर उखड़ चुकी है और कंकर बाहर निकल आए हैं। पत्रिका ने जब विभाग से जुड़े एईएन से सवाल किया कि तीन दिन में ही कैसे उखड़ गई साढ़े तीन करोड़ की सड़क तो उन्होंने सफाई दी कि सर्दी के कारण माल खराब हो गया था, अब हम इसे दो दिन में ही ठीक कर देंगे।
वैसे चांदाणा पुलिया से कोरटा तक इस सड़क की लम्बाई करीब 11 किलोमीटर है लेकिन सबसे खराब डामरीकरण चांदाणा पुलिया से कानपुरा सरहद तक सामने आया। यहां हर दस मीटर पर सड़क बिखर चुकी है और नुकीले कंकर निकल आए हैं। लगता ही नहीं कि यहां निर्धारित सामग्री और माप-जांच के बाद सड़क निर्माण किया गया हो। चांदाणा प्याऊ के आसपास तो डामर कम और कंकर ही कंकर नजर आ रहे हैं।
चांदाणा के जीतेन्द्रसिंह तो आरोप लगाते हैं कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग कर लाखों रुपए की बर्बादी की गई है। गांव के ही सोहनसिंह आरोप लगाते हैं सड़क से जुड़े ठेकेदार और महकमे के अधिकारियों ने सड़क के नाम पर लीपापोती कर पैसे खुर्द-बुर्द करने का काम ही किया है।
सही नहीं ग्रेवल
सड़क के दोनों तरफ मिट्टी के ढेर पड़े हैं। गे्रवल तक सही नहीं किया गया। कहीं डामर उखड़ा पड़ा है तो कहीं गड्ढे तक नहीं भरे गए हैं। मिट्टी के ढेर के कारण भारी वाहनों को साइड देने में असुविधा होगी।
&माल थोड़ा ठण्डा होने से खराब हो गया था। हम इस सड़क को दुबारा बनाएंगे। इसमें कोई कोताही नहीं बरतेंगे।
-रमेश परिहार, सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग
&कुछ जगह पर सड़क खराब हुई है। चांदाणा पुलिया के पास वाली सड़क दुबारा बनाएंगे। इसका काम कल से ही शुरू
कर देंगे।
-राजेश भंसाली, ठेकेदार
Published on:
19 Dec 2018 11:53 am
