
sirohi
भरत कुमार प्रजापत
सिरोही. विद्यालय में अध्ययन के समय संस्था प्रधान, शिक्षक और विद्यार्थी क्रिकेट खेलते मिले। ये हालात अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अशोकपाल मीणा ने शिवगंज गणेशनगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संस्कृत में बुधवार दोपहर दो बजे निरीक्षण के दौरान देखे।
वे मिड-डे-मील एवं अन्नपूर्णा दूध योजना के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति के आकलन के लिए पहुंचे तो संस्था प्रधान सुरेशचंद गेंदबाजी व शिक्षक मुकुल आनंद शर्मा बल्लेबाजी करते मिले। कुछ विद्यार्थी फिल्डिंग करते व कुछ बैठे थे। सभी कक्षाएं खाली पड़ी थीं। दोपहर तक विद्यार्थियों की उपस्थिति तक भरी हुई नहीं मिली। रसोई के आसपास भी गंदगी मिली। साथ ही, खाद्यान्न रेकॉर्ड व भौतिक निरीक्षण में भी भिन्नता पाईगई। दूध व पोषाहार का भी सैम्पल नहीं लिया हुआ था। अधिकारी ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और कारण बताओ नोटिस जारी किया। मीणा ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कानाकोलर व उच्च प्राथमिक विद्यालय बादला का भी निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं सही मिलीं।
दांतराई.समीप के भामरा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक और एक अध्यापक कार्यरत होने से छात्रों का भविष्य अंधकार में है। विद्यालय में छह शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। प्रधानाध्यापक विद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में उलझे रहते हैं। सिर्फ एक अध्यापक आठ कक्षाओं के 110 बच्चों को सम्भालते हैं। ऐसे में शिक्षा के स्तर का अंदाजा लगाया जा सकता है।
नया सानवाड़ा.पिण्डवाड़ा उपखंड अधिकारी राजलक्ष्मी गहलोत ने बुधवार को यहां आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने पोषाहार चखा और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। गेहूं व चावल के स्टॉक का मिलान किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य मुकेशकुमार शर्मा, पोषाहार प्रभारी हरजीराम, व्याख्याता जगदीश शर्मा, भंवरलाल मीणा, छतरसिंह राणावत, इन्द्रवदन चौहान आदि उपस्थित थे।
Published on:
01 Mar 2019 11:05 am
