
जवाई बांध। फाइल फोटो- पत्रिका
मारवाड़ जंक्शन। उत्तर पश्चिम रेलवे अजमेर मंडल के जवाई बांध स्टेशन को अब सुमेरपुर जवाई बांध स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय मांग को ध्यान में रखते हुए सक्षम प्राधिकारी की ओर से जवाई बांध रेलवे स्टेशन के नाम में संशोधन को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस संबंध में आधिकारिक परिपत्र भी जारी कर दिया गया है, जिसके बाद नया नाम प्रभावी रूप से लागू माना जाएगा।
यह वीडियो भी देखें
स्टेशन के नाम के साथ अब स्टेशन कोड भी जवाई बांध के स्थान पर सुमेरपुर जवाई बांध के अनुरूप बदल दिया गया है। नया कोड एसजेडब्ल्यूबी निर्धारित किया गया है। इससे सुमेरपुर क्षेत्र की पहचान को मजबूती मिलेगी तथा यात्रियों को अपने गंतव्य की स्पष्ट और सटीक जानकारी प्राप्त होगी। रेलवे प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संशोधित नाम और कोड को रेलवे की सभी प्रमुख प्रणालियों जैसे पीआरएस और यूटीएस में चरणबद्ध तरीके से अपडेट किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को टिकट बुकिंग और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। भविष्य में सभी आधिकारिक पत्राचार, टिकट, सूचना पट्ट और अन्य संचार माध्यमों में सुमेरपुर जवाई बांध नाम का ही उपयोग किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे बदलाव को सुचारु रूप से लागू किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि इस रेलवे स्टेशन का नाम पूर्व में एरनपुरा था। बाद में इसे बदलकर जवाई बांध किया गया था। अब तीसरी बार नाम परिवर्तन करते हुए इसे सुमेरपुर जवाई बांध रेलवे स्टेशन किया गया है। इस निर्णय को क्षेत्रवासियों ने ऐतिहासिक कदम बताया है। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के सम्मान और पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय माना है।
लोगों का कहना है कि इस बदलाव से सुमेरपुर का नाम रेलवे मानचित्र पर प्रमुखता से उभरेगा और इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। लंबे समय से स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की ओर से रेलवे स्टेशन के नाम में सुमेरपुर जोड़ने की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।
Published on:
09 Apr 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
