
sirohi
सिरोही. शहर के अरविंद पैवेलियन से सिरोही ब्लॉक के लाभार्थी शुक्रवार को पीएम की सभा में भाग लेने के लिए जयपुर रवाना हुए। लेकिन इसमें अधिकांश लाभार्थियों को यह तक पता नहीं था कि वे जयपुर क्यों जा रहे हैं। इसको लेकर पत्रिका टीम ने कुछ लोगों से सवाल-जवाब किए तो वे कोई खास जवाब नहीं दे पाए। इनमें कुछ लोगों का कहना था कि ‘साहब! गांव से कई लोग जयपुर जा रहे थे और हमें भी बोला गया तो उनके साथ चल दिए। इस बहाने जयपुर शहर देखकर आएंगे।’
गौरतलब है कि शनिवार को जयपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभा को सम्बोधित करेंगे। जिसमें भीड़ जुटाने को लेकर जिलेवार टारगेट दिए गए थे। इसी के तहत सिरोही जिले से करीब 90 बसों से लाभार्थी जयपुर जाएंगे। ऐसे में सिरोही ब्लॉक से करीब 18 बसों में लाभार्थी जयपुर के लिए रवाना हुए। इसमें समे प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला गैस योजना, मुख्यमंत्री जलस्वालंबन, भामाशाह, मुख्यमंत्री राजश्री योजना, श्रमिक जन कल्याण, स्कूटी वितरण समेत 12 योजनाओं के लाभार्थी रवाना हुए।
अधिकारियों की रही दौड़-भाग
लाभार्थियों की रवानगी के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारी व भाजपा नेता दौड़-भाग करते नजर आए। जिला परिवहन अधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि करीब 18 बसों से लाभार्थियों को रवाना किया। इसमें 8 बसें निजी विद्यालयों की लगाई गई। पैवेलियन में अधिकारी, पटवारी, आरआई, शिक्षक समेत अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जलदाय विभाग के सहायक अभियंता विष्णु गर्ग ने बताया कि प्रत्येक बस में लाभार्थियों के लिए पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।
रसद विभाग के जिम्मे भोजन व्यवस्था
लाभार्थियों के जाने के लिए बसों में डीजल कीव्यवस्था परिवहन विभाग को करने का जिम्मा सौंपा गया। वहीं भोजन की व्यवस्था रसद विभाग की ओर से की गई। मैदान में रसद विभाग के काउंटर पर ही लोगों का पंजियन किया गया।
लाभार्थियों को पहनाया दुप्पटा
अरविंद पैवेलियन में लोगों की भीड़ से एक बारगी तो चुनावी माहौल नजर आया। यहां पर अलग-अलग विभाग के बूथ लगे रहे। प्रशिक्षु उपखण्ड अधिकारी रामनिवास भी बार-बार बसों के चालकों को आवाज लगाते नजर आए। लाभार्थियों के गले में पहले से ही दुप्पटा भी पहना दिया गया। हालांकि, कई विभागों से बुलावे अनुसार लाभार्थी आए, लेकिन कई विभागों के लाभार्थी नगण्य रहे।
तो एसडीएम को ही वोट मांगने भेजना
पीएम की सभा में नहीं बुलाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी भी जाहिर की। पैवेलियन में भाजपा जिलाध्यक्ष लुम्बाराम चौधरी व अन्य पदाधिकारी लाभार्थियों को बसों में बैठाने की व्यवस्था कर रहे थे, उस समय भाजपा पार्षद शंकरसिंह परिहार भी वहां पहुंच गए। परिहार ने कहा कि न तो हमें सभा में आने का न्यौता दिया और न ही हमारे वार्ड के लाभार्थियों की सूची मांगी गई। जिस पर किसी पदाधिकारी ने कह दिया कि बुलाने व सूची तैयार करने कार्य कलक्टर-एसडीएम के माध्यम से ही किया गया। ऐसे में परिहार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अब वोट मांगने के लिए भी कलक्टर-एसडीएम को ही भेज देना।
लोगों की जुबानी...
गैस कनेक्शन लिया था, इसलिए जयपुर बुलाया है। वहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हमें जानकारी देंगे।
-नैनूदेवी, मनोरा
गांव के सभी लोगों को जयपुर जाने की बात कही गई थी। ऐसे में मैं भी तैयार हो गई। चलो..इस बहाने जयपुर भी देख लेंगे।
-रेखा देवी, मनोरा
शौचालय निर्माण करवाया था। सरपंच ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वच्छता के बारे में जानकारी देंगे। ऐसे में जयपुर जा रहे हैं।
-संतोष देवी, मडिया
जयपुर किसलिए जा रहे हैं, इसकी कोई जानकारी नहीं है। लेकिन हमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री हमें जानकारी देंगे।
-भूरी देवी, मडिया
लाभार्थियों को मिलेगी विशेष पहचान
-प्रधानमंत्री संवाद कार्यक्रम
सिरोही. जयपुर में शनिवार को प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में लाखों लोगों के जुटने का अनुमान है। इसमें प्रधानमंत्री प्रत्येक जिले के चयनित लाभार्थियों से संवाद करेंगे। ऐसे में लाभार्थियों को योजनानुसार विशेष रंग का दुपट्टा लगाना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारी कर दी है। दुपट्टा कंधे से कमर तक बांधना होगा।
योजनानुसार दुपट्टे का रंग
योजना रंग
पीएम उज्ज्वला योजना लाल
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य पीला
पीएम आवास योजना नेवी ब्ल्यू
भामाशाह बीमा योजना हल्का नीला
पालनहार योजना गहरा हरा
राजश्री योजना गुलाबी
स्कूटी योजना बैंगनी
श्रमिक कल्याण भूरा
पीएम मुद्रा योजना ग्रे
स्किल इंडिया खाकी
एमजेएसए पीला
तीर्थ यात्रा योजना केसरिया
Published on:
07 Jul 2018 11:08 am
