19 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: पत्थर से सिर कुचलकर युवक की निर्मम हत्या, सुनसान जगह पर मिला शव, एसपी ने सख्त निर्देश

शिवगंज के गणेश नगर क्षेत्र स्थित महादेव कॉलोनी की एक सुनसान जगह पर गुरुवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

2 min read
Google source verification
shivganj youth murder

घटना को लेकर चर्चा करते एसपी एवं पुलिस अधिकारी: फोटो पत्रिका

सिरोही। शिवगंज के गणेश नगर क्षेत्र स्थित महादेव कॉलोनी की एक सुनसान जगह पर गुरुवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया युवक की बेरहमी से पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की गई है। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक बाबूलाल राणा मय जाप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। थोड़ी ही देर में पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने प्रारंभिक पड़ताल के बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) व एमओबी टीम को बुलाया, जिन्होंने मौके से खून के नमूने, पत्थर सहित अन्य साक्ष्य एकत्रित किए।

मृतक उदयपुर निवासी, बजरी के ट्रैक्टर पर था मजदूर

जांच के दौरान मृतक की पहचान किशन (25) पुत्र सवाराम गमेती निवासी तिलरवा, थाना मांडवा, जिला उदयपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशन शिवगंज में बजरी के ट्रैक्टर पर मजदूरी करता था और अपने साथियों के साथ पास ही एक मकान में रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।

एसपी ने किया मौका मुआयना, दिए सख्त निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ भी शिवगंज पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से अब तक की जांच की जानकारी ली। एसपी ने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

डॉग स्क्वायड से मिले अहम सुराग

ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए जोधपुर से डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचे डॉग ‘ब्रेवो’ ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर को सूंघने के बाद घटनास्थल से करीब 200 से 250 मीटर दूर स्थित उस मकान तक पहुंचकर संकेत दिए, जहां मृतक अपने साथियों के साथ रहता था। इससे पुलिस को जांच की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण मदद मिली है।

संदिग्ध हिरासत में, पुलिस जुटी जांच में

पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के साथ काम करने वाले साथियों व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। सीआई बाबूलाल राणा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।