
sirohi
सिरोही. पालड़ी एम थाना क्षेत्र के अरठवाड़ा में लापता किशोर की हत्या के मामले का रविवार को पुलिस ने राजफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हत्या का आरोपी मृतक की बहन का प्रेमी ही निकला है।
पुलिस टीम ने अरठवाड़ा व आस-पास कुओं पर गुप्त जानकारी ली। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मृतक के परिजन से भी गहनता से पूछताछ की गई। इस पर मृतक की एक बहन का अरठवाड़ा निवासी भरत पुत्र पन्नालाल माली के साथ सम्बंध होना सामने आया। ऐसे में मृतक की बहन से पुलिस टीम ने कड़ाई से पूछताछ की। उसने आरोप लगाया कि भरत माली जबरदस्ती गलत काम करता था। इसका उसके भाई आनंदसिंह को पता चलने पर विरोध किया। ऐसे में आनंद को रास्ते से हटाने के लिए भरत ने धारदार हथियार कूंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
यूं रची साजिश
पुलिस ने बताया कि आरोपी व मृतक का घर आस-पास है। करीब चार साल पहले आरोपी व आनंद की बहन की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती हो गई। मोबाइल पर बातचीत होने लगी। इसके बारे में आनंद को पता चल गया। उसने बहन को डांटा और भरत से बातचीत बंद करने को कहा। वहीं भरत की ओर से दिया मोबाइल भी तोड़कर फेंक दिया। इस बात की जानकारी होने पर भरत ने आनंद को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
मौका पाकर कूंट से वार
आनंद को रास्ते से हटाने की साजिश के तहत आरोपी भरत उस पर नजर रखने लगा। ४ सितम्बर की शाम आनंद घर में किसी छोटे बच्चे के लिए होटल से बिस्कुट व कुरकुरे लेकर घर की ओर जा रहा था। इस दौरान मौका पाकर भरत ने आनंद के सिर पर पीछे से कूंट से वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के आरोप में जा चुका है जेल
पुलिस ने बताया कि आरोपी भरत ने २०१४ में पत्नी की हत्या कर कुएं में डाल दिया था। इस पर पालड़ी एम थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद जेल भेजा गया लेकिन बाद में जमानत पर रिहा हो गया।
आज करेंगे कोर्ट में पेश
पुलिस ने आरोपी को हत्या, अपहरण और बलात्कार की धाराओं में गिरफ्तार किया है। उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
Published on:
10 Sept 2018 09:15 am
