
निजी वाहनों को टोल मुक्त करने पर चर्चा
सिरोही. राष्ट्रीय राजमार्ग 62 के बागसीन टोल नाके पर निजी चारपहिया वाहनों से गैर वाजिब टोल वसूली को लेकर विधायक संयम लोढ़ा ने मंगलवार को जिला कलक्टर सुरेन्द्र कुमार सोलंकी को मौके का अवलोकन करवाया। उन्हें बताया कि सिरोही के लोग टनल का उपयोग नहीं करते हैं। इसके बावजूद गैर वाजिब ढंग से 165 रुपए तक टोल राशि वसूल की जाती है। जिला कलक्टर ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है। लोढ़ा ने बताया कि सिरोही से मण्डार टोल रोड पर विधानसभा में ऐतराज पर तत्कालीन जिला कलक्टर ने संबंधित कम्पनी से यह लिखित में लिया था कि गैर व्यवसायिक आरजे 24 चारपहिया वाहन टोल मुक्त रहेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग 6 2 चालू होने के बाद आन्दोलन पर संबंधित कम्पनी ने आरजे 24 गैर व्यावसायिक वाहनों को टोल मुक्त करने का आश्वासन दिया था लेकिन इसके बावजूद वसूली जारी है। इस कारण लोगों में नाराजगी है। जिला कलक्टर ने मांग को व्यावहारिक बताया और कहा कि इस संबंध में पत्रावली देखकर अग्रिम कार्यवाही करेंगे। संचालन कम्पनी ने आन्दोलन के बाद कुछ वाहनो को एक रुपए के रिचार्ज पर कार्ड जारी किए थे। उसके बाद इसका लाभ शेष लोगों को नहीं दिया जा रहा।
Updated on:
06 Mar 2019 10:59 am
Published on:
06 Mar 2019 10:59 am
