
sirohi
सिरोही. निलम्बनकाल में पुलिस लाइन से अनुपस्थित होकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले दो पुलिसकर्मियों को सेवा से बर्खास्त किया गया है।
दरअसल, सिरोही जिले में पदस्थापित पुलिस कांस्टेबल ओमप्रकाश बिश्नोई व रामलाल बिश्नोई को सांचौर क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर आरटीओ बनकर अवैध रूप से वसूली करने के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था। इसके बाद सिरोही एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच खोलते हुए निलम्बित कर दिया था। इसके बाद भी दोनों पुलिसकर्मियों ने कोई सबक नहीं लिया और पुलिस लाइन से गैर हाजिर रहकर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हो गए। इसी निलम्बनकाल के दौरान दोनों रानीवाड़ा थाना क्षेत्र में भी बदमाशों के साथ पकड़े गए। 18 सितम्बर 2015 को सवेरे रानीवाड़ा थाना पुलिस ने शराब तस्करी की सूचना पर उपखंड कार्यालय तिराहा से जालेरा-रानीवाड़ा कच्चे मार्ग पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान एक लग्जरी जीप को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने गाड़ी को भगा दिया और सूरजवाड़ा में एक फॉर्म हाउस में घुस गए थे। इसके बाद भागने लगे थे। ऐसे में पुलिस ने घेर लिया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। लेकिन पुलिस टीम ने कार्रवाईकरते हुए डीगांव निवासी पूनमचंद उर्फ पीसी ढाका, दाता निवासी जगदीश पुत्र हरीराम बिश्नोई, निलम्बित पुलिस कांस्टेबल पमाणा निवासी रामलाल पुत्र हरजीराम बिश्नोई व मालवाड़ा निवासी ओमप्रकाश पुत्र नरिंगाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया था।
विभागीय जांच में दोषी
दोनों कांस्टेबल के खिलाफ पुलिस थाना रानीवाड़ा व सांचौर (जालोर) में दो अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज होने पर सिरोही पुलिस की ओर से विभागीय जांच शुरू की गई। जिसमें रेवदर पुलिस उप अधीक्षक की ओर से की गई जांच में दोनों को दोषी पाया गया। ऐसे में पुलिस अधीक्षक जय यादव ने दोनों कांस्टेबल को सेवा से बर्खास्त कर दिया।
पुलिस पर किए थे छह राउंड फायर
रानीवाड़ा पुलिस से घिरने के बाद आरोपियों ने छह राउंड फायर किए थे। आरोपियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर गोलियां बरसाने में शामिल दो पुलिसकर्मियों को देखकर रानीवाड़ा पुलिस के भी होश उड़ गए थे।
पुलिस जैसे अनुशासित विभाग में रहते हुए दोनों कांस्टेबल की ओर से कानून का उल्लंघन कर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने से समाज में गलत संदेश जाता है। ऐसे में सख्त कार्रवाई करते हुए रामलाल व ओमप्रकाश को सेवा से निकाल दिया गया है।
जय यादव, एसपी, सिरोही
Published on:
17 Dec 2018 11:04 am
