
हत्या के आरोपी को सजा-ए-मौत। फोटो सोर्स-AI
Death Penalty For Wife Murder Accused: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में दिल दहला देने वाले हत्याकांड में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने इस मामले को ‘विरले मामलों’ की श्रेणी में रखते हुए आरोपी पर 65 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। घटना के 4 साल, 2 महीने और 2 दिन बाद अदालत का यह फैसला सामने आया है।
यह सनसनीखेज वारदात 11 फरवरी 2022 की रात करीब 11:30 बजे मिश्रिख थाना क्षेत्र के गेंगलापुर गांव में हुई थी। आरोपी नीरज ने अपनी पत्नी माया की कुदाल और दराती से वार कर निर्ममता से हत्या कर दी थी। इस दौरान उसने अपने डेढ़ साल के बेटे पीयूष को भी जमीन पर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान जब आरोपी का भाई सुरेश बीच-बचाव करने पहुंचा, तो नीरज ने उस पर भी कुदाल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी के भाई के मुताबिक, उस रात आरोपी बेहद उग्र था और उस पर जैसे खून सवार हो गया था।
घटना के अगले दिन 12 फरवरी 2022 को आरोपी के बड़े भाई गुड्डू ने कोतवाली मिश्रिख में तहरीर देकर मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामले की सुनवाई एडीजे कोर्ट संख्या-7 में चल रही थी, जहां अभियोजन पक्ष ने सात गवाह और नौ साक्ष्य प्रस्तुत किए।
सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर न्यायाधीश तरन्नुम खान ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई। अदालत ने इसे ‘रेयरेस्ट ऑफ रेयर’ यानी विरले मामलों में से एक करार दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से इस मामले की पैरवी अधिवक्ता अफन हसन सिद्दीकी ने की।
मामले में शिकायतकर्ता और आरोपी के बड़े भाई गुड्डू ने बताया कि वह अनपढ़ हैं और पुलिस के कहने पर ही उन्होंने तहरीर दी थी। अब भाई को मृत्युदंड मिलने से वह दुखी हैं और उन्हें मुकदमा दर्ज कराने का अफसोस भी है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास भाई की सजा के खिलाफ अपील करने के लिए पैसे नहीं हैं।
जानकारी के अनुसार, नीरज और माया ने घटना से करीब चार वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। हालांकि, विवाह के बाद से ही नीरज को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक रहने लगा था। इसी शक ने धीरे-धीरे हिंसक रूप ले लिया और अंततः इस जघन्य अपराध में बदल गया।
घटना के चश्मदीद सुरेश ने बताया कि नीरज ने माया को घर के अंदर से घसीटकर बाहर लाया और फिर कुदाल से उस पर कई वार किए। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया। यह पूरी घटना बेहद क्रूर और अमानवीय थी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
Published on:
14 Apr 2026 12:43 pm
बड़ी खबरें
View Allसीतापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
