
सो रहे नवजात को चारपाई से उठाकर ले गए बंदर। फोटो सोर्स-Ai
UP News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में बंदरों के समूह ने 2 महीने के मासूम को उसके घर से उठा लिया। इसके बाद बंदरों ने नवजात को पानी के ड्रम में डाल दिया। नवजात की डूबने से मौत हो गई।
यह घटना उस समय हुई जब बच्चा बिस्तर पर सो रहा था और उसके परिवार के सदस्य अपने काम में व्यस्त थे। तभी घर में बंदरों का झुंड घुस गया। जब परिवार को बच्चा चारपाई पर सोता हुआ नहीं मिला तो परिवार ने बच्चे की तलाश शुरू की। जिसके बाद नवजात पानी से भरे एक ड्रम में पड़ा मिला। आनन-फानन में बच्चे के परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर्स ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शव को परिजनों ने दफना दिया।
घटना गुरुवार सुबह 7 बजे मछरेहटा इलाके के सूरजपुर की बताई जा रही है। हालांकि बंदरों द्वारा बच्चों को उठाते हुए किसी ने नहीं देखा, इसी वजह से पुलिस घटना को संदिग्ध मान कर जांच में जुट गई है। बच्चे के पिता की माने तो, उनका बेटा जन्म से ही इनकंपलीट स्किन लॉस की बीमारी से पीड़ित था। बच्चे के चाचा दुर्गेश यादव का कहना है कि उनके इलाके में बंदरों का आतंक ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बंदर घर से बच्चे को उठा कर ले गए और उसको पानी में डाल दिया। पानी में डूबने के कारण नवजात की मौत हो गई।
घटना की जानकारी परिवार ने पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घटना के बाद ग्रामीणों में व्यापक आक्रोश है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह इलाका लंबे समय से बंदरों के आतंक से जूझ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रोजाना लोगों के घायल होने और संपत्ति को नुकसान पहुंचने के बावजूद वन विभाग और प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीण अब अधिकारियों से बंदरों के आतंक से निपटने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील कर रहे हैं।
मछरेहटा थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार का मामले को लेकर कहना है,'' चौकी इंचार्ज को मौके पर भेजा गया है। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
Updated on:
05 Sept 2025 05:10 pm
Published on:
05 Sept 2025 05:10 pm
