
राजस्थान में 3 दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट,पत्रिका फाइल फोटो
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार 18 से 20 मार्च के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। विक्षोभ का सर्वाधिक असर 20 मार्च को रहने की आशंका है, जिसके चलते प्रदेश के 21 जिलों में अंधड़, बारिश और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 18 मार्च को दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके असर से आगामी 3 दिन प्रदेश के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और बारिश हो सकती है, वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। 18 मार्च को जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं मेघगर्जन, आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं विभाग ने किसानों को पकी फसल का सुरक्षित भंडारण करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 18 से 20 मार्च के मध्य एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर उत्तर पूर्वी इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने की संभावना है। जिसके प्रभाव से 19 और 20 मार्च को मौसम में बड़ा बदलाव होने कई इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज बौछारें गिरने, आंधी चलने और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने आज झुंझुनूं, सीकर, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जिले में मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने और 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की गति से झोंकेदार तेज हवा चलने की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
आइएमडी की सूचना के अनुसार अजमेर,अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़,दौसा,डीग, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़,झुंझुनूं, करौली, खैरथल- तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाईमाधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़,जैसलमेर,जालोर, नागौर, पाली, फलोदी और श्रीगंगानगर जिले में 19 और 20 मार्च को 40 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और मेघगर्जन के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Updated on:
18 Mar 2026 08:09 am
Published on:
18 Mar 2026 07:07 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
