31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

CWG 2026: मेडल टैली का अजीब खेल! 8 पदक वाला जमैका ऊपर, 17 मेडल जीतकर भी भारत 10वें नंबर पर क्यों?

India at CWG 2026 Medal Tally: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत 3 गोल्ड सहित 17 मेडल जीतकर तालिका में 10वें स्थान पर है। जानें आखिर कुल मेडलों की संख्या अधिक होने के बाद भी भारतीय टीम नाइजीरिया और जमैका से पीछे क्यों है और क्या कहता है मेडल टैली का नियम।
2 min read
Google source verification
Commonwealth Games 2026 medal tally

लॉन्ग जंप में प्रतिस्पर्धा करते हुए मुरली श्रीशंकर (फोटो- IANS)

Commonwealth Games 2026 Medal Tally: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 30 जुलाई तक भारत ने कुल 17 मेडल जीत लिए हैं और वह पदक तालिका में 10वें स्थान पर है। भारत के नाम अब तक 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 51 गोल्ड, 24 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज (कुल 110 मेडल) के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है। इंग्लैंड ने 15 गोल्ड सहित कुल 65 मेडल जीते हैं, जबकि कनाडा के पास भी 15 गोल्ड हैं, लेकिन कुल 45 मेडल के साथ वह तीसरे स्थान पर है। स्कॉटलैंड 9 गोल्ड मेडल के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।

दूसरी ओर, नाइजीरिया ने कुल 16 मेडल ही जीते हैं, लेकिन वह भारत से आगे पांचवें स्थान पर मौजूद है, क्योंकि नाइजीरिया के नाम 8 गोल्ड मेडल हैं। इसी तरह साउथ अफ्रीका के पास 6, मलेशिया के पास 6, न्यूजीलैंड के पास 5 और जमैका के पास 4 गोल्ड मेडल हैं, जबकि भारत के नाम 3 ही गोल्ड मेडल हैं।

मेडल टैली का नियम

मेडल टैली में जिस देश के पास सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल होते हैं, उसे सबसे ऊपर वरीयता (Rank) दी जाती है। अगर दो टीमों के गोल्ड मेडल बराबर हों, तो फिर सिल्वर मेडल की संख्या देखी जाती है। अगर गोल्ड और सिल्वर दोनों बराबर हों, तो ब्रॉन्ज मेडल की संख्या से रैंकिंग तय होती है।

यही वजह है कि भारतीय टीम कुल 17 मेडल जीतने के बावजूद जमैका, मलेशिया और नाइजीरिया से पीछे है। जमैका के पास सिर्फ 8 मेडल हैं, मलेशिया के पास 12 और नाइजीरिया के पास 16 मेडल हैं, लेकिन इन तीनों ही देशों के पास भारत से अधिक गोल्ड मेडल हैं। इसी नियम के कारण 17 मेडलों के साथ भारतीय टीम तालिका में 10वें नंबर पर खिसक गई है।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 में कौन सबसे आगे?

क्रम देशस्वर्णरजतकांस्यकुल पदक
1ऑस्ट्रेलिया512435110
2इंग्लैंड15302065
3कनाडा15131745
4स्कॉटलैंड97925
5नाइजीरिया85316
6दक्षिण अफ्रीका69823
7मलेशिया63312
8न्यूजीलैंड59721
9जमैका4228
10भारत310417

भारत के पदक विजेता

भारत के लिए अब तक मीराबाई चानू, शर्मिला धनकड़ और दिलीप गवित ने गोल्ड मेडल जीता है। वहीं ऋषिकेश सिंह, मुथुपंडी राजा, ज्ञानेश्वरी यादव, सर्वेश कुशारे, अजय बाबू, हरजिंदर कौर, गुलवीर सिंह, मुरली श्रीशंकर, मोहम्मद बेसिल और लवप्रीत सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। इसके अलावा झंडू कुमार, बिंद्यारानी देवी, शिल्पा शीला और सीमा कालीरमना ने ब्रॉन्ज मेडल जीता है।