scriptदेखिए खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची | Patrika News
खेल

देखिए खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची

बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु, महिला पहलवान साक्षी मलिक, महिला जिम्नास्टिक खिलाड़ी दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Aug 23, 2016 / 12:11 pm

santosh

रियो ओलम्पिक में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु, महिला पहलवान साक्षी मलिक, महिला जिम्नास्टिक खिलाड़ी दीपा कर्माकर और निशानेबाज जीतू राय को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। 
वहीं, भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को अर्जुन पुस्कार दिया जाएगा। खेल मंत्रालय ने सोमवार को इस बात की घोषणा की। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति भवन में यह पुरस्कार वितरित करेंगे।
पी.वी. सिंधु ने बैडमिंटन में सिल्‍वर मेडल हासिल किया है। इसी तरह साक्षी मलिक ने 58 किग्रा फ्रीस्‍टाइल कुश्‍ती में कांस्‍य पदक जीत। दीपा कर्माकर ने जिमनास्टिक की सबसे कठिन प्रॉडुनोवा स्‍पर्द्धा में चौथा स्‍थान हासिल किया। वह चंद अंकों के अंतर से कांस्‍य हासिल करने में चूक गईं, लेकिन उन्‍होंने अपने खेल से लोगों का दिल जीता। जीतू राय ने शूटिंग में बेहतरीन प्रदर्शन किया।
भारत में सबसे बड़े खेल पुरस्कार खेल रत्न खेलों में अद्वितीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है। इस पुरस्कार के रूप में साढ़े सात लाख रुपए का नगद इनाम के अलावा पदक और प्रमाण पत्र दिया जाता है। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्‍यान चंद पुरस्‍कार पाने वालों को 5 लाख रुपए की धनराशि, पदक और प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
द्रोणाचार्य पुरस्‍कार

कोचिंग के लिए दिए जाने वाले द्रोणाचार्य अवार्ड में जिमनास्टिक्‍स में दीपा कर्मकार के कोच बिश्‍वेश्‍वर (बीएस) नंदी को इस पुरस्‍कार से नवाजा जाएगा। क्रिकेटर विराट कोहली के कोच राजकुमार शर्मा को द्रोणाचार्य पुरस्‍कार दिया जाएगा। महाबीर सिंह को कुश्‍ती (लाइफटाइम) के लिए द्रोणाचार्य पुरस्‍कार दिया जाएगा। कुल छह कोच को यह पुरस्‍कार दिया जाएगा।
ध्‍यानचंद पुरस्‍कार

एथलीट साटि गीता को ध्यानचंद अवार्ड से नवाजा जाएगा। उनके साथ-साथ हॉकी खिलाड़ी स्यालवानुस डुंग डुंग और रोवर राजेन्द्र प्रहलाद शेल्के को भी यह पुरस्कार दिया जाएगा।

अर्जुन पुरस्‍कार

क्रिकेट खिलाड़ी अंजिक्य रहाण को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा जाएगा। उनके अलावा तीरंदाज रजत चौहान, एथलीट ललिता बाबर, स्नूकर खिलाड़ी सौरव कोठारी, मुक्केबाज शिवा थापा, फुटबाल खिलाड़ी सुब्रत पॉल, हॉकी खिलाड़ी वी.आर. रघुनाथ, रानी रामपाल, निशानेबाज गुरप्रीत सिंह, अपूर्वी चंदेला, टेबल टेनिस खिलाड़ी सौम्यजीत घोष, महिला पहलवान विनेश फोगाट, अमित कुमार पैरा एथलीट संदीप सिंह मान और विरेन्द्र सिंह को भी अर्जुन अवार्ड से नवाजा जाएगा।

Home / Sports / देखिए खेल रत्न, द्रोणाचार्य, अर्जुन और ध्यानचंद पुरस्कार विजेताओं की पूरी सूची

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो