
मोहम्मद अशफाक (फोटो- World Championship X)
U20 World Athletics Championships: अमेरिका के यूजीन में चल रहे U20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप' (U20 World Athletics Championship 2026) में भारत के 19 वर्षीय धावक मोहम्मद अशफाक ने इतिहास रच दिया है। अशफाक ने मेंस 400 मीटर दौड़ की हीट स्पर्धा में 45.81 सेकंड का शानदार समय निकालकर नया अंडर-20 नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस समय के साथ वह फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। 19 साल के अशफाक ने हीट 5 में 45.81 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया। उन्होंने अप्रैल में बेंगलुरु में हुई अंडर 20 फेडरेशन कप में बनाए अपने ही 46.05 सेकंड के रिकॉर्ड को तोड़ा। इसके बाद सेमीफाइनल हीट 3 में अशफाक ने 46.00 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
400 मीटर रेस में भारत के लिए मिला-जुला दिन रहा, जहां अशफाक ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के साथ फाइनल में जगह बना ली तो वहीं पीयूष राज हीट 6 में 47.78 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे और फाइनल राउंड में जगह बनाने से चूक गए। इसके अलावा पुरुषों की हाई जंप में बसंत ने 2.14 मीटर की जंप के साथ फाइनल के लिए क्वालिफाई किया और क्वालिफिकेशन ग्रुप ए में पांचवें स्थान पर रहे। जबकि के. अम्ब्रीश 2.05 मीटर की अपनी बेस्ट जंप के साथ क्वालिफिकेशन ग्रुप बी में 12वें स्थान पर रहे और क्वालिफाई नहीं कर पाए।
आपको बता दें कि किसी भी ग्रुप का कोई भी एथलीट 2.21 मीटर का ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन मार्क पार नहीं कर पाया। महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में, अंशु फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। उन्होंने 15.24 मीटर की सर्वश्रेष्ठ थ्रो की, जो फाइनल क्वालिफिकेशन कटऑफ से 21 सेंटीमीटर कम थी। इस तरह वह ग्रुप ए में 9वें और क्वालिफिकेशन राउंड में कुल मिलाकर 14वें स्थान पर रहीं।
भारत की तनु चौधरी को महिलाओं की 400 मीटर हर्डल्स हीट में निराशा हाथ लगी। वह 1:00.03 के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाईं। पुरुषों की 400 मीटर हर्डल्स में, अमित कुमार हीट में 54.01 सेकंड के समय के साथ सबसे पीछे रहे। पुरुषों की ट्रिपल जंप क्वालिफिकेशन में, धनुष राज और पी. रॉयशन फाइनल में जगह नहीं बना पाए। उन्होंने क्रमशः 14.71 मीटर और 15.20 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी तय की। इस बीच, अमानत कंबोज ने महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में 53.24 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छठा स्थान हासिल किया।
Updated on:
07 Aug 2026 11:43 am
Published on:
07 Aug 2026 11:43 am
