
Paris Olympics 2024: मेंस हॉकी के पहले सेमीफाइनल में नीदरलैंड्स ने स्पेन को 4-0 से हराकर गोल्ड मेडल मैच के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। मंगलवार को खेले गए पहले सेमीफाइनल में स्पेन की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई और एक भी गोल नहीं कर पाई। अब नीदरलैंड्स को पदक पक्का हो चुका है और वे फाइनल में भारतीय टीम या जर्मनी के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे। स्पेन के खिलाफ पहले क्वार्टर से लेकर आखिरी क्वार्टर तक डच टीम हावी रही और 15 मिनट के खेल में गोल कर 4-0 से मुकाबला अपने नाम किया।
नीदरलैंड्स की टीम इस शानदार जीत के साथ फाइनल में पहुंच चुकी है, जहां उनका सामना भारत या जर्मनी से होगा। दोनों टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आज रात आमने सामने होंगी। आपको बता दें कि टोक्यो ओलंपिक की गोल्ड मेडल और सिल्वर मेडल विजेता टीमें अब तक पेरिस ओलंपिक से बाहर हो चुकी हैं। 2020 टोक्यो ओलंपिक में बेल्जियम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर गोल्ड जीता था तो ऑस्ट्रेलिया को हारने के बाद सिल्वर से संतोष करना पड़ा था। भारत ने आज ही के दिन 3 साल पहले जर्मनी को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया था।
भारतीय टीम को गोल्ड मेडल मैच खेलने के लिए जर्मनी के खिलाफ जीत की जरूरत है। पिछले 6 में से 5 मुकाबलों में भारत ने जर्मनी को मात दी है। हालांकि जर्मनी इस बार काफी मजबूत नजर आ रही है और दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। सेमीफाइनल 2 हारने वाली टीम स्पेन के साथ कांस्य पदक का मैच 8 अगस्त को खेलेगी। इसी दिन हॉकी के ओलंपिक चैंपियन का भी फैसला होगा।
Updated on:
06 Aug 2024 07:19 pm
Published on:
06 Aug 2024 07:10 pm
