
south africa
चैंपियंस ट्रॉफी शुरू होने से पहले दक्षिण अफ्रीका की टीम के नाम एक अनोखी हैट्रिक जुड़ गई है। क्रिकेट खेल में शुरु से मजबूत टीमों में शुमार रही दक्षिण अफ्रीका की टीम ने आईसीसी वनडे रैंकिंग में एक ओर जहां वह नंबर-1 टीम बनी रही तो वहीं टॉप बैट्समैन और टॉप बॉलर के साथ अपनी बादशाहत कायम कर ली है।
दरअसल, आईसीसी वनडे रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका पहले ही नंबर एक पर थी। अब बल्लेबाज एबी डिविलियर्स और गेंदबाज कैगिसो रबाडा के टॉप में शामिल होने से टीम का मनोबल और ऊंचा हो गया है। और इसी के साथ टीम चैंपियंस ट्रॉफी में हुंकार भरेगी।
आपको बता दें कि आईसीसी की वनडे टीम रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया दूसरे और टीम इंडिया तीसरे स्थान पर है। वनडे रैकिंग में चोटी के तीन बल्लेबाजों में दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (874 रेटिंग अंक), ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (871 अंक) और कोहली (852 अंक) क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
जबकि गेंदबाजों की सूची में दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबाडा शीर्ष पर काबिज हैं। रबाडा 1998 के बाद सबसे कम उम्र (22 वर्ष, 5 दिन) के गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सकलेन मुश्ताक ने (21 वर्ष, 13 दिन) में ये उपलब्धि हासिल की थी।
गेंदबाजों की सूची में हालांकि कोई भी भारतीय खिलाड़ी शीर्ष दस में शामिल नहीं है। बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के साथ संयुक्त रूप से 11वें, जबकि अमित मिश्रा 13वें स्थान पर हैं। जबकि भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 18वें स्थान पर हैं।
Published on:
31 May 2017 07:16 pm
