
श्रीगंगानगर। मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा के विरोध के लिए शुक्रवार को सीसी हैड पर जमा किसानों को पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ दिया। पुलिस ने किसानों को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और प्लास्टिक बुलेट का भी उपयोग किया। बल प्रयोग से कई किसान घायल हुए हैं। पुलिस ने कई किसानों को गिरफ्तार भी किया है। इससे पूर्व अनूपगढ़-रायसिंहनगर मार्ग पर समेजा कोठी से पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व विधायक दौलतराज समेजा सहित 105 किसानों को गिरफ्तार किया। ये लोग मुख्यमंत्री के विरोध के लिए वहां एकत्र हुए थे।
गंगानगर किसान समिति की अपील पर गंगनहर क्षेत्र के तीन-चार सौ किसान गौरव यात्रा के विरोध के लिए सीसी हैड पर एकत्र हुए थे। यह जगह पदमपुर-श्रीगंगानगर मार्ग पर है। मुख्यमंत्री को पदमपुर में जनसभा संबोधित करने के बाद गौरव रथ पर सवार होकर इसी मार्ग से गंगानगर आना था।
किसान चाहते थे कि मुख्यमंत्री वहां कुछ देर रुके और उनकी नहरी पानी और समर्थन मूल्य पर खरीद से संबंधित समस्या सुने। बल प्रयोग से पहले पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की गंगानगर किसान समिति के नेताओं से कई बार वार्ता हुई। लेकिन इसमें मुख्यमंत्री के वहां रुकने और किसानों की समस्या सुनने पर सहमति नहीं बन पाई। पदमपुर में शाम को जैसे ही मुख्यमंत्री की जनसभा समाप्त हुई और उनके गौरव रथ पर सवार होकर इस मार्ग पर आने की संभावना बनी, उससे पहले ही पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस ने वहां मौजूद किसानों पर पहले लाठियां बरसाई। उससे बात नहीं बनी तो प्लास्टिक की गोलियों का उपयोग भी किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बीच पुलिस ने कई राउंड हवाई फायर भी किए। इससे किसानों में भगदड़ मच गई और वे जान बचाने के लिए आसपास के खेतों की तरफ भागने लगे। पुलिस के डंडों और प्लास्टिक की गोलियों से कई किसान घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए पदमपुर ले जाया गया है। पुलिस ने गंगानगर किसान समिति के संयोजक रणजीत सिंह राजू और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य पृथीपाल सिंह संधू सहित नौ किसानों को गिरफ्तार किया है। संधू को लगी चोटें गंभीर होने पर उन्हें श्रीगंगानगर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
धरने पर बैठे 105 कांग्रेसी कार्यकर्ता गिरफ्तार
रायसिंहनगर. समेजा में पूर्व विधायक दौलतराज समेजा के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को समेजा पुलिस ने शुक्रवार को करीब बारह बजे हिरासत में ले लिया। इन कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के घेराव की घोषणा कर रखी थी। वार्ता में सहमति नहीं बनने पुलिस ने पूर्व विधायक सहित 105 कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया।
Updated on:
07 Sept 2018 08:34 pm
Published on:
07 Sept 2018 08:31 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
