
एक लाख 59 हजार 500 नशीली गोलियों सहित एक गिरफ्तार
सादुलशहर. लालगढ़ जाटान पुलिस की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक जने को डेढ़ लाख से अधिक नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के कब्जे से नशे के कारोबार में उपयोग की जा रही जीप को भी जब्त किया है।
पुलिस थाना प्रभारी तेजवन्त सिंह ने गांव हाकमाबाद में लिंक चैनल नहर के पास नाकाबन्दी के दौरान रविवार को पंजाब की ओर से आ रही जीप को रुकने का इशारा किया तो चालक रणजीत सिह (45) पुत्र सुखदेव जटसिख निवासी पतली ने गाड़ी को भगाने की कोशिश की।
पुलिस ने गाड़ी रुकवा कर तलाशी ली तो उसमें रखे चार कर्टन से एक लाख 59 हजार 500 नशीली गोलियां बरामद हुई। थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी से पुलिस थाना में लाकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने यह नशीली गोलियां अपने छोटे भाई शिवराज सिंह के कहीं से खरीद कर लाना बताया।
थाना प्रभारी ने बताया कि शिवराज सिंह की तलाश में दबिश दी जा रही है तथा आरोपी से उसके पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि आरोपी को सोमवार को सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इससे पूर्व लालगढ़ जाटान पुलिस ने शनिवार देर रात गांव बुधरवाली बस स्टैंड के पास गुरविन्द्र सिंह उर्फ गोरा सिंह (24) मजहबी सिख व मनदीप सिंह (28) जटसिख निवासी दूदाखीचड़ के कब्जे से 960 नशीली गोलियां बरामद कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस प्रकरण की जांच सादुलशहर पुलिस थाना प्रभारी बलराज सिंह मान को सौंपी गई। थाना प्रभारी मान ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गांव पतली में दबिश देकर लवदीप सिंह पुत्र सुखराज सिंह को 500 नशीली गोलियों सहित गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी मान ने बताया कि आरोपी गुरविन्द्र सिंह उर्फ गोरा व मनदीप सिंह को पूछताछ के बाद सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए।
Updated on:
06 Jan 2019 10:06 pm
Published on:
06 Jan 2019 10:06 pm
