
फोटो पत्रिका नेटवर्क
रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर)। निकटवर्ती गांव ठंडी में गुरुवार शाम जलदाय विभाग की डिग्गी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई, जिससे गांव में शोक की लहर छा गई। जानकारी अनुसार दिवांशु (10) पुत्र ओमप्रकाश मेघवाल व राघव (9) पुत्र राकेश जाखड़ डिग्गी के पास खेल रहे थे।
इस दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में गिर गए। उनके साथ खेल रही छोटी बहन ने भाई को पानी में डूबते देखा तो घबराकर घर की ओर दौड़ी और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले। हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
पूर्व सरपंच गिरधारी लाल थोरी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी पर उपखंड अधिकारी सुभाष चौधरी, पुलिस उप अधीक्षक मदनलाल जेफ, तहसीलदार हर्षिता मिड्ढ़ा, प्रशिक्षु आरपीएस प्रियंका सहित अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। देर शाम गमगीन माहौल में दोनों बच्चों का संस्कार कर दिया गया।
दिवांशु व राघव घर के इकलौते पुत्र थे। दोनों की एक-एक बहन है। घर से खेलने निकले बच्चे वापस नहीं लौटे, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि डिग्गी परिसर में एक तरफ बाउंड्री नहीं होने से बच्चे वहां पहुंच जाते हैं। विभाग की ओर से पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए होते तो हादसा टल सकता था।
Updated on:
09 Apr 2026 09:53 pm
Published on:
09 Apr 2026 09:53 pm
