
मृतक हरप्रीत सिंह: फोटो पत्रिका नेटवर्क
दौलतपुरा (श्रीगंगानगर)। कनाडा में पढ़ाई कर रहे एक युवक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। घटना समीपवर्ती चक 8 क्यू ग्राम पंचायत संगतपुरा की है। जानकारी के अनुसार हरप्रीत सिंह (26) पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह गील अपने चचेरे भाई भवपनित सिंह के साथ दो साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा के टोरंटो शहर के बरटन में रहकर पढ़ाई कर रहा था।
28 मार्च को अचानक दिल में दर्द होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दिल का दौरा पड़ने से मौत होना बताया। यह समाचार गांव पहुंचते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दादा जगजीत सिंह गील ने बताया कि 5 अप्रेल को हरप्रीत का 26वां जन्मदिन था। परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद शव दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगा और शाम को चक 8 क्यू लाया जाएगा। शुक्रवार सुबह पहुंचने के बाद 10 बजे श्मशान में अंतिम संस्कार किया जाएगा। मृतक अविवाहित था और दो बहनों का इकलौता भाई था।
-श्रीगंगानगर जिले में स्थित जवाहरनगर थाना क्षेत्र की सैन्य छावनी में एक दुखद घटना में सेना के सूबेदार मुकेश सिंह राजपूत (46) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। घटना के बाद सैन्य परिसर में शोक की लहर फैल गई थी।
-हनुमानगढ़ जिले फेफाना क्षेत्र के गांव राजपुरिया में चाचा-भतीजे की एक ही दिन हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और माहौल गमगीन हो गया था।
-पाली जिले के कानेलाव गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई थी, जहां छोटे भाई के नए मकान के उद्घाटन की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भजन संध्या में नाचते समय बड़े भाई की हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया और खुशियों का माहौल पलभर में शोक में बदल गया था।
विशेषज्ञों के अनुसार अचानक हृदय गति रुकना एक गंभीर स्थिति होती है, जो बिना किसी चेतावनी के भी हो सकती है। इसके लक्षणों में सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना और अचानक बेहोशी शामिल हैं। ऐसे मामलों में तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिलना बेहद जरूरी होता है।
Updated on:
08 Apr 2026 07:12 pm
Published on:
08 Apr 2026 07:12 pm
