
Manav Suthar : राजस्थान के मानव सुथार को बधाई देते भारतीय कप्तान शुभमन गिल। फोटो साभार सोशल मीडिया
Manav Suthar : श्रीगंगानगर के युवा क्रिकेटर मानव सुथार ने अपने पहले ही भारत अफगानिस्तान टेस्ट मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन कर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त कर राजस्थान का नाम रोशन किया। भारत ने अफगानिस्तान को इस टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से करारी शिकस्त दी। यह भारत के टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत है। लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार इस टेस्ट मैच में कुल 7 विकेट लिए। मानव की इस उपलब्धि से श्रीगंगानगर में खुशी और गर्व का माहौल है।
प्लेयर ऑफ द मैच मानव सुथार ने कहा, यह मेरे लिए अलग एहसास था। शुरुआत से ही मेरा सपना भारत के लिए खेलना था। मैं टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता था। इसलिए यह पल मेरे लिए अविश्वसनीय था और सच कहूं तो अभी भी यकीन नहीं हो रहा है। मेरे लिए सबसे बड़ा सबक यह है कि निरंतरता ही सब कुछ है। यह ऐसा फॉर्मेट है, जो बहुत धैर्य की मांग करता है। मैंने धैर्य से गेंदबाजी की।
मानव को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का अवसर मिला और उन्होंने इसे पूरी तरह भुनाया। पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर छह विकेट हासिल किए। उनकी सटीक लाइन-लेंथ और प्रभावी स्पिन के सामने अफगानिस्तान की बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भी मानव ने 29 रन देकर एक विकेट लिया।
इस तरह मैच में कुल सात विकेट लेकर वह भारत की जीत के प्रमुख नायकों में शामिल रहे। मानव ने बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया। भारतीय पारी में उन्होंने दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए। एक युवा खिलाड़ी के रूप में उनका यह ऑलराउंड प्रदर्शन भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
मानव सुथार इस सदी में अपने टेस्ट कॅरियर की पहली ही पारी में 5 विकेट लेने वाले महज दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह कमाल अमित मिश्रा ने साल 2008 में किया था।
सुथार की गेंदबाजी में अश्विन जैसा टर्न और रवींद्र जडेजा जैसी रफ्तार देखने को मिलती हैं। सुथार की लंबाई ज्यादा है और उनका आर्म-एक्शन भी ऊंचा है। वे गेंद को ज्यादा तेज गति से घुमाते हैं। यही कारण है कि वे पिच से अधिक टर्न हासिल करते हैं। जडेजा की तरह वे लगभग 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद डालते हैं। मानव को गेंद घुमाने के लिए अत्यधिक टर्निंग ट्रैक की जरूरत नहीं पड़ती। वे सामान्य पिचों पर भी असरदार हैं।
मानव की इस उपलब्धि से श्रीगंगानगर में खुशी और गर्व का माहौल है। क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि जिले के इस युवा खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का दमदार परिचय दिया है। सोमवार को अफगानिस्तान की पहली पारी समाप्त होने के बाद मानव ने वीडियो कॉल के जरिए अपने माता-पिता और बहन से बातचीत कर बधाइयां स्वीकार कीं।
Updated on:
09 Jun 2026 08:43 am
Published on:
09 Jun 2026 08:41 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
