
Sriganganagar Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन और घायल श्रद्धालु (फोटो-पत्रिका)
श्रीगंगानगर। रामदेवरा में दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप बुधवार सुबह सड़क हादसे का शिकार हो गई। समेजा कोठी थाना क्षेत्र में कालूवाला ढाबे के पास करीब छह बजे पिकअप की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें 7 की हालत गंभीर बताई गई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पिकअप में फंसे और घायल लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में समेजा कोठी थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में परमजीत कौर निवासी 67 एलएनपी, पंकज कुमार निवासी श्रीगंगानगर, अमनदीप कौर और कृष्ण सिंह निवासी 85 एलएनपी, हरमीत सिंह निवासी 67 एलएनपी, सोनू निवासी वार्ड नंबर 36 श्रीगंगानगर, कांता बाई, जरनैल सिंह निवासी 67 एलएनपी, कर्ण और कश्मीर सिंह सहित कई श्रद्धालु घायल हुए।
चिकित्सकों ने अस्पताल में घायलों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें सात घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय सरकारी अस्पताल में जारी रहा। हादसे की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंचने लगे। गंभीर घायलों को श्रीगंगानगर ले जाने के दौरान उनके परिजन भी साथ रवाना हुए।
हादसे में गंभीर रूप से घायल कश्मीर सिंह (65) पुत्र प्रेम सिंह निवासी 85 एनएनपी और परमजीत कौर निवासी 67 एलएनपी की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पिकअप चालक को झपकी आने की वजह से वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हालांकि पुलिस ने हादसे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े होने से यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
रामदेवरा से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे की सूचना उनके घरों तक पहुंचते ही परिवारों में चिंता और शोक का माहौल बन गया। पुलिस की कार्रवाई और घायलों के उपचार के साथ अब हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
Updated on:
16 Sept 2026 08:26 pm
Published on:
16 Sept 2026 08:26 pm
