
यहां ऐसा क्या हो रहा है कि हर दो मिनट बाद लग रहा है जाम
श्रीगंगानगर. सुखाडिय़ा सर्किल से मीरा चौक तक सुखाडिय़ा मार्ग और मीरा चौक से चहल चौक तक मीरा मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण मंथर गति से चल रहा है। इस कारण आधे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ चुकी है। इस संबंध में आरएसआरडीसी (राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट कार्पोरेशन), नगर परिषद, यातायात पुलिस और नगर विकास न्यास के साथ साथ जिला प्रशासन ने भी चुप्पी साध रखी है।
इसका खमियाजा आम राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। सुखाडिय़ा सर्किल से लेकर शिव चौक तक और सुखाडिय़ा सर्किल से मीरा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लगने से हर दो मिनट बाद ***** जाम जैसी स्थिति होने लगी है।
यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की बजाय शहर के बाहरी प्वाइंटों पर बाहर से आने वाले वाहनों के चालान काटने के नाम पर राजस्व वसूली का अभियान चला रखा है।
राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट कार्पोरेशन की ओर से ठेकेदार सुखाडिय़ा मार्ग और मीरा मार्ग पर सीसी रोड का काम करवा रहा है लेकिन निर्माण की गति इतनी धीमी है कि ठेका समय अवधि 16 जनवरी तक एक साइड की सडक़ तक नहीं बन सकेगी।
हालांकि सुखाडिय़ा मार्ग पर दूसरी साइड की खुदाई भी शुरू हो चुकी है लेकिन निर्माण जिस गति से चल रहा है उससे लगता है कि अगले तीन महीने शहरवासियों को ऐसी ही समस्या से जूझना होगा।
ठेकेदार की मनमर्जी के कारण सुखाडिय़ा मार्ग और मीरा मार्ग को खोद डाला गया है, इस कारण पूरे इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई हुई है।
यहां तक कि यातायात पुलिस ने भी इन दोनों मार्गो पर मनमर्जी हो रहे वाहनों की आवाजाही के लिए पुख्ता बंदोबस्त नहीं किए है।
यह निर्माण कार्य राज्य सरकार ने आरएसआरडीसी (राजस्थान स्टेट रोड डवलपमेंट कार्पोरेशन) के माध्यम से करीब साढ़े बारह करोड़ रुपए का बजट खर्च कर रही है। आरएसआरडीसी ने सूरतगढ़ की ठेका फर्म गुप्ता कंस्ट्रक्शन के माध्यम से कराया जा रहा है।
तीन महीने में इस रुट को मिली आंशिक राहत सुखाडिय़ा सर्किल से होटल खुराना तक सुखाडिय़ा मार्ग की एक साइड पर सीसी रोड बनने से सुखाडिय़ा शॉपिंग सैंटर या सुखाडिय़ानगर की ओर से जाने वाले राहगीरों को सीसी रोड बनने से आंशिक राहत मिली है।
इस रुट पर लोगों ने खुद ही वाहनों को चलाना शुरू कर दिया है। वहीं ठेका फर्म ने होटल खुराना से हाउसिंग बोर्ड तक बनवाई है लेकिन वह अभी तक निर्माणाधीन है।
आरएसआरडीसी ने 19 सितम्बर से 16 जनवरी तक समय अवधि के लिए ठेका समय अवधि तय की गई थी। लेकिन ठेकेदार ने यह काम 19 सितम्बर के बाद शुरू किया था।
आरएसआरडीसी के अधिकारियों की माने तो ठेका फर्म गुप्ता कंस्ट्रक्शन को यह ठेका कार्य 19 सितम्बर 18 से 16 जनवरी 19 तक समय अवधि के लिए निर्धारित किया है। इस समय अवधि में निर्माण पूरा नहीं होने पर ठेकेदार को पैनल्टी लगाई जाएगी।
Published on:
04 Jan 2019 11:11 pm
