
पकड़ा गया आरोपी आकाशदीप। फोटो: पत्रिका
श्रीगंगानगर। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे संवेदनशील जिले में पुलिस ने बड़ी सतर्कता दिखाते हुए पाकिस्तानी आतंकी से संपर्क रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित संदिग्धों से जुड़ा हुआ था और खुद को आतंकियों से संपर्क में बताकर ग्रामीणों को धमका रहा था।
जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि जिले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार खुफिया इनपुट पर नजर बनाए हुए है। इस संबंध में लालगढ़ जाटान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त है। जांच में सामने आया कि आरोपी आकाशदीप (20) पुत्र पीरा सिंह हाल निवासी केरा चक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था। वह प्लस 92 नंबरों पर वॉइस चैट करता था और सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान के अन्य लोगों से भी जुड़ा हुआ था।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि पाक आतंकी शहजाद भट्टी के कहने पर आकाशदीप ने पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, चंडीगढ़ और हरियाणा के अंबाला सहित कई महत्वपूर्ण जगहों की रेकी की। इतना ही नहीं उसने वीडियो बनाकर भी पाकिस्तान भेजे। आकाशदीप ने बताया कि शहजाद भट्टी के कहने पर उसने भीड़-भाड़ वाली प्रमुख जगहों की रेकी की, उनके वीडियो बनाए और व्हाट्सएप से पाकिस्तान भेजे। साथ ही इन जगहों तक पहुंचने का पूरा प्लान भी साझा किया। फिलहाल, पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है।
थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया है कि आकाशदीप (19) को पकड़ा गया है। वह मूल रूप से केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के गांव 12 एच का रहने वाला है। वर्तमान में वह चक केरा में रहता है, जो बदमाश प्रवृति का है। वह गांव में लोगों को पाकिस्तानी आतंकवादियों से संपर्क होना बताकर धमकियां भी देता है।
आकाशदीप ने प्रारंभिक पूछताछ में पाकिस्तानी आंतकी शहजाद भट्टी के साथ इंस्टाग्राम व वाटसऐप पर बातचीत करना स्वीकार किया है। उसका मोबाइल फोन व सिम पुलिस ने जब्त कर ली है। उसकी इंस्टाग्राम आईडी से पाक में कुछ संदिग्ध लोगों से चैट करना पाया गया है। युवक ने फोन गैलरी में एआइ के माध्यम से आतंकी शहजाद भटटी आतंकवादी के साथ खुद की फोटो एडिट कर रखी हुई पाई गई।
आरोपी आकाशदीप पाकिस्तान आंतकी शहजाद भट्टी से संपर्क में है। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गतिविधियां देश की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता के लिए खतरा पैदा करने वाली हैं। ऐसे में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
लालगढ़ जाटान थाने में आरोपी आकाशदीप के खिलाफ संगठित अपराध कानून बीएनएस की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच ओम प्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है।
अबाला शहर के बराड़ा थाने में करीब 13 दिन पहले 13 मार्च को पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भटटी के भारतीय सहयोगी गिरफ्तार हुए है, इनमें जगवीर सिंह भी शामिल है। यह जगवीर सिंह हनुमानगढ़ में आकर रेकी करके गया था और बड़ा विस्फोटक हमला करने वाले थे। इनके कब्जे में से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ है।
दो दिन पहले 24 मार्च को हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने शहजाद भटटी का सहयोगी जसवंत कुमार उर्फ सोनू भी गिरफ्तार हुआ है। इससे स्पष्ट है कि शहजाद भटटी पाकिस्तानी आंतकवादी इलेक्ट्रोनिक माध्यम व सोशल मीडिया के माध्यम से अपना नेटवर्क चला रहा है।
Updated on:
27 Mar 2026 09:01 am
Published on:
27 Mar 2026 09:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
