
Protest
दतिमा मोड़. विश्रामपुर-दतिमा व चावापाट-बतरा भटगांव मार्ग के निर्माण कार्य के दौरान लोगों को हो रही असुविधा व दुर्घटना को देखते हुए बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा दतिमा चौक पर चक्काजाम कर आवगमन ठप कर दिया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई।
इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद एक पुलिस ऑफिसर से कहा कि मारना चाहते हैं तो मार लीजिए। अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ।
जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बुधवार को दतिमा चौक पर कांग्रेसियों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों का कहना था कि दतिमा विश्रामपुर मार्ग जिसके निर्माण की स्वीकृति एक वर्ष पूर्व हो चुकी थी। 8 किमी सड़क का निर्माण 30 करोड़ रुपए से सड़क विकास निगम को कराया जाना था लेकिन सड़क का निर्माण कर रहे ठेकेदार द्वारा जगह-जगह सड़क को खोदकर छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से आये दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
बारिश का मौसम खत्म होने की वजह से अब लोग धूल के गुबार से परेशान हैं। आम नागरिकों की परेशानियों से अधिकारियों को कोई लेना-देना नहीं है। इसके साथ ही नवापारा भटगांव कालरी मार्ग में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा दस किमी सड़क का निर्माण 7 करोड़ की लागत से किया एक वर्ष से किया जा रहा है लेकिन अब तक पूर्ण नहीं हो सका है।
नवापारा-भटगांव मार्ग पर लोग धूल से परेशान है। इस दौरान छत्तरलाल सांवरे, दुर्गाशंकर दीक्षित, राघवेन्द्र प्रताप, मदन जायसवाल, रमेश दानौदिया, प्रदीप राजवाडे, राहुल जायसवाल, राजू सिंह, चंदन सिंह, जाकेश राजवाड़े, धर्मेन्द्र सिंह होलसाय राजवाड़े सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कांग्रेस ने कलक्टर को सौंपा था ज्ञापन
दोनों मार्ग के संबंध में 29 सितम्बर को जिला कांग्रेस कमेटी ने कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर तीन दिनों के अंदर उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत कराने की दिशा में कोई पहल नहीं की गई।
विधायक सहित कांग्रेसी बैठे रहे सड़क पर
आंदोलन शुरू होने से पूर्व ही मौके पर तहसीलदार व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। आंदोलन से पहले ही अधिकारियों द्वारा अपनी मांग रखने की बात कही लेकिन कांग्रेसी अपने मांग पर अड़े रहे। इस दौरान भटगांव विधायक व जिला पंचायत सदस्य भी मौके पर गांव वालों के साथ सड़क पर बैठे रहे। दो घंटे तक चक्काजाम चला।
इस दौरान विधायक पारसनाथ राजवाड़े व जिला पंचायत सदस्य अशोक जगते ने अधिकारियों से लिखित आश्वासन की मांग की। पीडब्ल्यूडी के उपयंत्री पंकज सिन्हा ने लिखित आश्वासन दिया तब कहीं जाकर चक्काजाम समाप्त हुआ। इसके साथ ही जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो जाता है तब तक रोज पानी का छिड़काव ठेकेदार द्वारा किया जाएगा।
पुलिस और कांग्रेसियों के बीच हुई झूमा-झटकी
पुलिस ने दतिमा चौक पर आंदोलनकारियों व पुलिस अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई। इस दौरान काफी देर तक बहस होती रही। इस दौरान पुलिस अधिकारियों व कांग्रेसियों के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई।
Published on:
3 Oct 2018, 10:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.