
Elephant
अंबिकापुर/प्रतापपुर. सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम कासदोहर में रविवार की रात दल से बिछड़े दंतैल हाथी ने घर के बाहर बंधे एक मवेशी को मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान घर के सभी सदस्य अपनी जान बचाने छिप गए थे। इससे पहले हाथी ने धान व मटर की फसल को भी नुकसान पहुंचाया।
सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सोनगरा व आसपास के ग्राम में लंबे समय से 16 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। रविवार की रात हाथियों का दल बंशीपुर धुमाडांड़ की ओर घुम रहा था। इसी दल से बिछड़ा दंतैल हाथी ग्राम कासदोहर पहुंच गया। यहां पतिराम के घर के बाहर आम पेड़ के नीचे बंधे दो मवेशियों की ओर बढ़ा।
इसमें से एक मवेशी तो हाथी को देखकर रस्सी तोड़कर भाग गया, लेकिन दूसरे को हाथी ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हाथी को घर के नजदीक पहुंचा देख परिवार वाले छिप गए थे। इससे पहले हाथी गांव के ही कमला सिंह व तपेश्वर सिंह की धान व मटर की फसल को भी चट कर गया।
दहशत में हैं ग्रामीण
16 हाथियों का दल सोनगरा सहित आसपास के गांव में भ्रमण कर रहा है। इससे ग्रामीण दहशत में हैं और इस कड़ाके की ठंड में रतजगा करने मजबूर हैं।
हाथियों ने ग्राम बोझा, कासदोहर, झिंगादोहर, वंशीपुर व धुमाडांड़ में फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीण दशरथ सिंह, ओमप्रकाश पैंकरा, शिवनंदन पंैकरा, गति राम, जगेश्वर ठाकुर व अन्य का कहना है कि वन विभाग के पास हाथियों को रोकने के लिए कोई ठोस उपाए नहीं है।
फेंसिंग करा रहा विभाग
वन विभाग द्वारा हाथियों को रिहायशी क्षेत्र में घुसने से रोकने के लिए सोनगरा व झिंगादोहर क्षेत्र में फेंसिंग कराई गई है। ताकि हाथी गांव में आकर कोई नुकसान न पहुंचा सके।
Published on:
26 Nov 2018 09:08 pm
