scriptरेत तस्करों ने रॉड से हमला कर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के तोड़ दिए दोनों पैर, देखने पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष | Sand smugglers broke both leg of BJYM mandal president by rod attack | Patrika News
सुरजपुर

रेत तस्करों ने रॉड से हमला कर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के तोड़ दिए दोनों पैर, देखने पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

Rod attack on BJYM mandal president: हमले में 2 भाजयुमो कार्यकर्ता भी घायल, किसान आक्रोश रैली से लौटने के दौरान नकाबपोश रेत तस्करों ने सुनियोजित तरीके से किया हमला, पूर्व में रेत को लेकर हुआ था विवाद, गंभीर रूप से घायल भाजयुमो मंडल अध्यक्ष को अस्पताल में चल रहा इलाज

सुरजपुरMar 01, 2023 / 06:05 pm

rampravesh vishwakarma

Rod attack on BJYM mandal president

BJP state president reached hospital to see injured BJYM mandal president

भैयाथान. Rod attack on BJYM mandal president: सूरजपुर जिले के भटगांव में मंगलवार को आयोजित किसान आक्रोश रैली में शामिल होकर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष बाइक से अन्य 2 कार्यकर्ताओं के साथ लौट रहे थे। इसी दौरान रेत तस्करों ने पीछे से बोलेरो से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जैसे ही वे उठे, इसी दौरान नकाबपोश रेत तस्करों ने लोहे के रॉड से उनपर हमला कर दिया। हमले में मंडल अध्यक्ष के जहां दोनों पैर टूट गए, वहीं 2 अन्य कार्यकर्ताओं को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल भाजयुमो अध्यक्ष का इलाज अंबिकापुर के संजीवनी अस्पताल में जारी हैं। हमले की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित कई नेता उनसे मिलने के अस्पताल पहुंचे और उनका हाल-चाल जाना। इधर भाजपाइयों ने इस घटना के विरोध में प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया।

भैयाथान के भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अमन प्रताप सिंह अपनी पूरी टीम के साथ बाइक से भटगांव में मंगलवार को आयोजित किसान आक्रोश रैली में शामिल होने गए थे। भटगांव से शाम को लौटने समय ग्राम केंवटाली जंगल में एक बोलेरो ने पीछे से उनकी बाइक को ठोकर मार दी।
टक्कर से अमन प्रताप सिंह व बाइक चला रहे तिलक पटेल दोनों गिर गए। वे कुछ समझ पाते, इससे पहले ही लोहे की सरिया से नकाबपोश रेत तस्करों ने उनपर हमला कर दिया। लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार कर उन्होंने भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के दोनों पैर तोड़ दिए, वहीं त्रिलोक पटेल के पीठ सहित पैर में गंभीर चोटें आई हंै।
इसी बीच दूसरे बाइक पर सवार उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान एक हमलावर का नकाब निकल गया। उन्होंने हमलावर को पहचान लिया तो उनके ऊपर भी हमला करने सभी दौड़े। इस दौरान उन्होंने भागते हुए बांसबाड़ी में घुसकर अपनी जान बचाई।

हमलावर की हुई पहचान, पूर्व में भी दी थी धमकी
हमले के बाद घायल भाजपा नेताओं ने पूरे घटना की शिकायत भटगांव थाने में की। हमलावर की पहचान चिरमिरी के डोमनहिल निवासी रोहित सिंह के रूप में की गई है।
Rod attack
वह भैयाथान क्षेत्र में रेत की तस्करी करता है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व रेत को लेकर भाजयुमो अध्यक्ष का उससे झगड़ा हुआ था। इस दौरान आरोपी रोहित ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसकी शिकायत भी पुलिस से की गई थी।

Video: बाघ की दहाड़ से थर्रा उठा कैलाशपुर जंगल, गुर्राहट सुन दहशत में लोग- देखें वीडियो


भाजपा नेता नेता पहुंचे अस्पताल
हमले की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव घायल अमन प्रताप सिंह को देखने संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचे। यहां उन्होंने उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने घायल के परिवार को ढाढ़स बंधाया।
प्रदेशाध्यक्ष के साथ भाजपा सूरजपुर जिला अध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, सरगुजा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, भारत सिंह सिसोदिया, मुकेश तिवारी, जितेंद्र सिंह, अंबिकेश केसरी, अभिमन्यु गुप्ता, दीपक सिंह तोमर सहित काफी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्यार की सजा: मारपीट कर घर से बाहर फेंका सामान, बोले- तुम्हारे बेटे की हत्या कर गांव में बांटेंगे टुकड़ेे


सीएम का किया पुतला दहन
मंडल अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय से रैली के माध्यम से भैयाथान चौक में मुख्यमंत्री बघेल का पुतला दहन किया। उन्होंने मामले में आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।
पुतला दहन कार्यक्रम में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रविन्द्र भारती, भाजपा मंडल अध्यक्ष मार्तण्ड साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव प्रताप सिंह, सत्यनारायण सिंह, सुनील साहू सहित भाजपा व भाजयुमो के सैकडों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Hindi News/ Surajpur / रेत तस्करों ने रॉड से हमला कर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के तोड़ दिए दोनों पैर, देखने पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो