
vapi nagarpalika
वापी. लॉकडाउन के कारण आर्थिक मुश्किल से परेशान लोगों को राहत देते हुए वापी नगर पालिका ने कॉमर्शियल टैक्स में 25 और हाउस टैक्स में 15 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की है। नगर पालिका में करीब 67 हजार आवासीय एवं करीब साढ़े 12 हजार व्यवसायिक संपत्तियां दर्ज हैं। जिनसे प्रतिवर्ष नपा को 13 करोड़ तक का टैक्स प्राप्त होता है। लॉकडाउन में लोगों के काम धंधे बंद होने से आय पर असर पड़ा है। जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने भी कई राहत की घोषणा की है। वापी नगर पालिका ने भी लोगों को राहत देते हुए बुधवार को कर में राहत की घोषणा की। जिसके तहत 30 जून तक एडवांस कर जमा करने वालों को कॉमर्शियल में 25 एवं हाउस टैक्स में 15 प्रतिशत की राहत मिलेगी। उसके बाद कर जमा करने पर यह छूट क्रमश: 15 और दस प्रतिशत रहेगी। दूसरी तरफ वित्तीय वर्ष 2020-21 कें जून माह में अब तक एक करोड़ रुपए का कर जमा लोगों ने कर दिया है। हालांकि कर जमा करने पर नपा ने पहले ही छूट की घोषणा की थी।
बुवाई में जुटे किसान
वापी. जून के प्रारंभ से हल्की ही सही, लेकिन बरसात शुरू होने से किसान खेत की जुताई और बुवाई में जुट गए हैं। जिले की कई तहसीलों में बुवाई लायक बारिश से किसान प्रसन्न हैं और जोर शोर से खेती में जुट गए हैं। एक जून से 16 जून तक पूरे जिले में 858 हेक्टेयर खेत में बुवाई का काम संपन्न हो चुका है। जिसके अंतर्गत धरमपुर तहसील में 274, कपराडा में 315, पारडी में 85, उमरगाम में 60, वलसाड में 100 और वापी में सबसे कम 24 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई का काम पूरा किया जा चुका है। 650 हेक्टेयर में धान, नागली समेत अन्य धान्य 12 हेक्टेयर, तुवेर 50 हेक्टेयर, उड़द 15, चोणी एवं पापडी 42 हेक्टेयर, सब्जी 43 एवं घासचारा 46 हेक्टेयर में किया गया है।
बस में घुसा सांप, जहमत से निकाला
वापी. महिला कर्मचारियों को छोडऩे जा रही एक बस में सर्प घुस गया। उसे दो घंटे की जहमत के बाद निकाला जा सका।
इस बारे में बताया गया कि जे टाइप स्थित एक कंपनी की बस महिला कामदारों को हरिया पार्क की ओर छोडऩे जा रही थी। वीआईए चार रास्ता के पास ट्रैफिक के कारण बस को रोकना पड़ा। इस दौरान वहां से गुजर रहा सर्प बस के निचले हिस्से में घुस गया। लोगों ने यह देखा तो बस चालक को चिल्लाकर बताया। इसके बाद तुरंत बस में सवार सभी को नीचे उतार दिया गया और रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। इसके कुछ समय बाद मुकेश उपाध्याय और वर्धमान शाह वहां पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बस के निचले हिस्से से सर्प को बाहर निकालने में सफल रहे। मुकेश उपाध्याय ने बताया कि पकड़ा गया सर्प धामण है। वह धीरे धीरे बस में स्टेरिंग की ओर घुस रहा था। सर्प के काबू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
Published on:
25 Jun 2020 06:17 pm
