
ACB takes charge of female councilor's brother
सूरत।निर्माण कार्य में दखल नहीं देने के एवज में ५५ हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मनपा की एक महिला पार्षद के भाई को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो सूत्रों के मुताबिक सूरत महानगर पालिका के वार्ड नम्बर ११ की महिला पार्षद नेन्सी सुमरा के पिता मोहन सुमरा और भाई प्रिंस उर्फ विक्की सुमरा ने शिकायतकर्ता के बिल्डर मित्र से ७५ हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी।
बिल्डर की ओर से वार्ड नम्बर ११ में दो साइट पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा था। मोहन ने उसके कार्यालय पर फोन कर कहा कि आपने दो-दो साइट पर निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन आप मिलने नहीं आए। मंगलवार सुबह बिल्डर उससे मिलने पहुंचा तो उसने निर्माण कार्य में किसी प्रकार का दखल नहीं देने के एवज में ७५ हजार रुपए की मांग की। २० हजार रुपए उसने उसी वक्त ले लिए। शेष ५५ हजार रुपए शाम को देने के लिए कहा।
बिल्डर ने इस बारे में अपने मित्र से बात की और ब्यूरो से संपर्क साधा। शिकायत मिलने पर ब्यूरोकर्मियों ने जाल बिछाया। मंगलवार शाम रिश्वत के रुपए लेने के लिए सैयदपुरा वावशेरी में महादेव मंदिर के निकट आए विक्की सुमरा को पकड़ लिया गया। उसने रुपए स्कूटर की डिक्की में रखवा दिए थे। ब्यूरोकॢमयों ने डिक्की से रुपए बरामद कर विक्की को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरोकर्मियों ने उसके पिता को गिरफ्तार करने के लिए सैयदपुरा लेखडिया शेरी के राजवीर कॉम्प्लेक्स में छापा मारा, लेकिन वह नहीं मिला।
ब्यूरो ने प्रिंस उर्फ विक्की सुमरा को बुधवार शाम अदालत में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे मामले में नेन्सी की लिप्तता के बारे में पूछताछ की जाएगी।
नेन्सी घर पर नहीं मिली
ब्यूरोकर्मियों ने बताया कि राजवीर कॉम्प्लेक्स और वरीयावी बाजार प्रणामी मंदिर के सामने प्रिंस के मकान पर दबिश देकर तलाशी की गई। कार्रवाई के दौरान नेन्सी घर पर नहीं मिली। घर से कुछ संदिग्ध दस्तावेज और धनराशि तो नहीं मिली, लेकिन जो चीजें मिली हैं, उनके बारे में पूछताछ की जा रही है। ब्यूरोकर्मियों का कहना है कि इस मामले में नेन्सी से भी पूछताछ की जाएगी।
Published on:
23 Aug 2018 05:45 am
