
डूबते सूरज से मांगा प्रकाश
बारडोली. सूरत जिले के कड़ोदरा, पलसाना, कामरेज, बारडोली समेत अन्य क्षेत्र में बसे उत्तर भारतीय समाज के लोगों ने मंगलवार को छठ पर्व मनाया।
कड़ोदरा क्षेत्र में बसे लोगों ने नहर में सूर्य को अघ्र्य दिया। नहर में पानी नहीं होने के कारण कड़ोदरा नगरपालिका और पलसाना एन्वायरो प्रोटेक्शन लिमिटेड की ओर से छठ पूजा के लिए नहर में पानी का संग्रह किया। कड़ोदरा में एक लाख से अधिक लोगों ने सूर्य को अघ्र्य देकर पूजा-अर्चना की।
नहर के किनारे मेले जैसा माहौल रहा। इस अवसर पर कड़ोदरा नगरपालिका की अध्यक्षा सीमादेवी ठाकुर, संजय शर्मा, लड्डू झा, राजन सिद्दीकी समेत कड़ोदरा के कृष्णा नगर और चलथाण नहर किनारे शाम को बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा पलसाना और बारडोली में मिंढोला नदी के किनारे उत्तर भारतीय समाज के लोगों ने डूबते सूर्य को अघ्र्य दिया। बाबेन गांव के तालाब किनारे भी बड़ी संख्या मे लोगों ने छठ पूजा की।
जलाराम जयंती आज
बारडोली. भक्तराज जलाराम प्रार्थना समाज, बारडोली की ओर से बुधवार को 219वीं जलाराम जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। बारडोली के स्टेशन रोड पर स्थित मिनी वीरपुर के रूप में पहचान बना चुके जलाराम मंदिर में जलाराम बापा की 219वीं जन्म जयंती मनाई जाएगी। बुधवार तडक़े 4.30 बजे आरती और अन्नकूट दर्शन, सुबह 8.00 बजे पादुका पूजन, श्री सत्यनारायण की महापूजा, ध्वजारोहण, सुबह 9.00 से 1.00 बजे तक रक्तदान शिविर, सुबह 11.00 से 2.00 बजे महाप्रसादी, सुबह 11.30 बजे संगीतमय सुंदरकांड, दोपहर 1.30 बजे हनुमान चालीसा पठन, दोपहर 3.00 से संगीतमय सामूहिक जलाराम बावनी (7 बार), शाम 5.30 बजे शिव तांडव नृत्य, शाम 6.00 बजे सामूहिक महाआरती, शाम 7.15 बजे अन्नकूट वितरण, रात 8.30 बजे केबिनेट मंत्री ईश्वर परमार की उपस्थित में दीपप्रज्वलन और दाताओ का सम्मान किया जाएगा। बाद में 8.55 बजे वार्षिक पंचांग का विमोचन होगा। 9.00 बजे लोकडायरा का आयोजन किया गया है, जिसमें लोक गायक बिरजू बारोट, लोक गायिका निशा बारोट और और हास्य कलाकार पारस गांधी प्रस्तुति देंगे।
Published on:
13 Nov 2018 07:07 pm
