
रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर उमड़ी भीड़
वापी. वापी में रक्षाबंधन का उत्साह बाजारों में पर्व की पूर्वसंध्या पर देखा गया। इस मौके पर बाजार में भारी भीड़ उमड़ी और राखी, मिठाइयों से लेकर कपड़े व उपहार खरीदने के लिए होड़ मची रही।
रविवार को रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया जाएगा, लेकिन वापी और गुंजन समेत अन्य विस्तारों में कई दिन पहले से ही राखी के स्टाल सज गए थे। जहां तरह-तरह की राखियां बिक रही हैं। सामान्य तरह की राखियों से इतर अब तरह-तरह की डिजाइन वाली राखियां बाजार में खूब बिक रही हैं। वापी में बच्चों के लिए अलग-अलग कार्टून पात्र वाली राखियों के अलावा रुद्राक्ष, मोरपंखी, डायमंड की राखी की मांग खूब देखी गई।
वापी के बाजार में राखी स्टाल लगाने वाले व्यापारी विमल शाह ने बताया कि दस रुपए से लेकर बाजार मे सात से आठ सौ रुपए तक की भी राखियां हैं। जिमसें अमेरिकन, बेल्जियम डायमंड की राखियां भी काफी लोकप्रिय हैं। इसके अलावा छोटा भीम, लाइटिंग वाली, डोरीमोन वाली राखियां बच्चों के बीच लोकप्रिय हैं। व्यापारियों के अनुसार एक करोड़ से ज्यादा रुपए की राखियां बिकती हैं। कई दिन तक सामान्य ग्राहकी के बाद रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर भारी भीड़ खरीदी के लिए निकली। कपड़े, मिठाई के अलावा गिफ्ट की दुकानों में भी खूब ग्राहकी रही जिससे बाजार गुलजार रहा।
बाजार में निकली ग्राहकी
वलसाड. शहर में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजारों में खरीददारों की भीड़ उमड़़ी। मिठाई वालों के यहां तो दिनभर लोगों की लाइन दिखी। रविवार को रक्षाबंधन पर्व के मौके पर बाजारों में रक्षाबंधन से जुड़े गाने गूंजते रहे तो राखी की दुकानों पर भी भीड़ लगी रही। समय के साथ राखी की डिजाइनें भी बदल गई हैं। तरह-तरह की राखियों के साथ फिल्मी हीरो हिरोइनों के छाप वाली राखियां भी बाजार में बिक रही हैं। पांच रुपए से लेकर पांच सौ रुपए तक एवं सोने चांदी का राखियों की डिमांड रही। पर्व के एक दिन पहले शनिवार को बाजार में राखी दुकान, मिठाई और कपड़ों वालों के यहां खूब भीड़ लगी रही। यहां से तीन सौ से लेकर 1200 रुपए किलो तक की मिठाई बेची गई। अच्छी ग्राहकी से राखी के स्टाल वालों में खुशी रही। सबसे ज्यादा भीड़ मिठाई दुकानों पर देखी गई। त्यौहार के कारण बाजार में कई दुकानदारों ने सेल भी लगाया था जहां लोगों को खरीददारी करने में रुचि दिखाई।
Published on:
25 Aug 2018 08:55 pm
