
घर-घर में घट स्थापन, शुरू हुआ कार्यक्रमों का दौर
सूरत. आद्यशक्ति मां जगदम्बा के नवरात्र पर्व बुधवार को विधिविधान से शुरू हो गए। इस दौरान सुबह जहां मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन-पूजन के लिए उमड़ी। वहीं, घर-घर में श्रद्धालुओं ने घट स्थापना कर राजरानी को विधिवत आमंत्रित किया।
आश्विन शुक्ल प्रतिपदा बुधवार को सुबह द्विस्वभाव कन्या लग्न एवं लाभ-अमृत के चौघडि़ए में घट स्थापना कर श्रद्धालुओं ने मां भगवती की पूजा-आराधना का दौर शुरू किया। घरों व अन्य स्थलों पर घट स्थापना के बाद श्रद्धालु ‘या देवी सर्वभूतेषु शक्तिरुपेण संस्थितां, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:’ के मंत्रोच्चार और मातारानी की जय-जयकार करते हुए पार्ले प्वाइंट पर अंबिकानिकेतन में अम्बाजी मंदिर व राधाकृष्ण एवं अष्टादश भुजा माता मंदिर, बालाजी रोड पर जुना अंबाजी मंदिर, परवत पाटिया में भक्तिधाम मंदिर, वराछा रोड पर उमिया धाम आदि मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचे। वहीं, शहर के कुछ मंदिरों में मर्यादा को बनाए रखने की अपील भी श्रद्धालुओं से बैनर-पोस्टर के माध्यम से की है।
कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु
नवरात्र पर्व की शुरुआत में बुधवार सुबह सिटीलाइट क्षेत्र में कलश शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं चुनड़ी परिधान में सिर पर कलश लेकर शामिल हुई। यात्रा का आयोजन मां वैष्णोदेवी की आराधिका माताजी के सानिध्य में सुबह सिटीलाइट स्थित राणी सती मंदिर प्रांगण से किया गया। बाद में यात्रा में शामिल श्रद्धालु महिलाएं व अन्य बाजे-गाजे के साथ वैष्णोद्वार पहुंचे। यहां बाद में नवरात्र के नियमित कार्यक्रम शुरू हुए।
उमिया माता के दरबार में गरबा
नवरात्र पर गरबा महोत्सव के आयोजन शहरभर की सोसायटी-अपार्टमेंट परिसर के अलावा वराछा रोड पर उमियाधाम मंदिर प्रांगण में भी परंपरागत तरीके से बुधवार रात से हो गई। ट्रस्ट की ओर से आयोजित महोत्सव में श्रद्धालुओं ने गरबा खेलकर माता की आराधना की। उधर, शहर की सोसायटी-अपार्टमेंट परिसरों में भी बुधवार से नवरात्र पर्व की शुरुआत हो गई और गरबा आयोजन होने लगे।
Published on:
10 Oct 2018 08:39 pm
