
स्वाध्याय परिवार की त्रिकाल संध्या में उमड़े लाखों साधक
सूरत. शहर के वेसू क्षेत्र में लाखों लोगों की अनुशासित मौजूदगी ने गुरुवार को हर किसी को अचंभित कर दिया। यह भीड़ स्वाध्याय परिवार की ओर से कोळी पटेल स्मृति मिलन के दौरान आयोजित त्रिकाल संध्या में भाग लेने सूरत समेत दक्षिण गुजरात से आई थी। जयश्री दीदी के सानिध्य में त्रिकाल संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत अन्य कई आयोजन किए गए।
आयोजक परिवार ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजवंदन के साथ की गई और इसमें जयश्री दीदी ने दादा गीत के साथ आयोजन स्थल पर ध्वज फहराया और बाद में वे खुली जीप में सवार होकर सूरत के अलावा दक्षिण गुजरात के महीसागर, आणंद, पंचमहाल, भरुच, नर्मदा, नवसारी, वलसाड व तापी के कोळी पटेल समाज के भाई-बहनों से भेंट-मुलाकात की। इसके बाद त्रिकाल संध्या का सामूहिक पारायण मैदान में किया गया और इस दौरान कराग्रेवस्ते लक्ष्मी...पूरे इलाके में गूंज उठा। बाद में जयश्री दीदी ने संबोधन में सभी साधकों को स्वाध्याय परिवार में दादा के बताए मार्ग का अनुसरण कर भक्तिमार्ग को मजबूती प्रदान करने की सीख दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति
कार्यक्रम स्थली पर स्वाध्याय परिवार के हजारों युवक-युवतियों ने वेस्ट से बेस्ट की 25 हजार कृतियां बनाकर लहराई और इसके बाद कोळी पटेल समाज के युवकों ने आकर्षक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। वहीं, समापन मौके पर 3500 मशाल जलाकर संस्कृति की अलख जगाई गई। कार्यक्रम के अंत में मैदान में मौजूद करीब चार लाख साधकों ने मोमबत्ती जलाकर दादी-दीदी की वंदना की।
35 एकड़ में बना मैदान
स्वाध्याय परिवार के त्रिकाल संध्या कार्यक्रम में चार लाख लोगों की बैठक के लिए आयोजकों ने वेसू में भगवान महावीर कॉलेज के पास 35 एकड़ जगह पर तीन दिन में पूरी तैयारी की। इसके अलावा 4० लाख वर्गफीट जगह पर 12 अलग-अलग पार्किंग, 7 प्रवेशद्वार, दक्षिण गुजरात में 220 किमी के दायरे में स्वयंसेवकों की तैनातगी समेत अन्य कई व्यवस्थाएं आयोजकों की ओर से की गई।
Published on:
06 Feb 2020 10:34 pm
