
पांच हजार से भी अधिक विजिटर्स आने का दावा
सूरत. चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से आयोजित एनर्जी इंटरनेशनल एग्जिबिशन रविवार को सम्पन्न हो गई। चैम्बर के प्रमुख हेतल मेहता ने तीन दिवसीय एग्जिबिशन में पांच हजार से अधिक विजिटर्स के आने का दावा किया है।
सरसाणा के इंटरनेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में शुक्रवार से शुरू हुई एनर्जी इंटरनेशनल एग्जिबिशन में सूरत समेत गुजरात में ऊर्जा उपकरण बनाने वाली कई कंपनियों के स्टॉल थे। चैम्बर ने ऊर्जा के भविष्य पर चर्चा के लिए देशभर से विशेषज्ञ वक्ता बुलाए थे, जिन्होंने ऊर्जा से जुड़े अलग-अलग विषयों पर जानकारी दी। चैम्बर प्रमुख हेतल मेहता ने बताया कि सूरत में पहली बार एनर्जी एग्जिबिशन का आयोजन किया गया, जो सफल रहा। तीन दिन में पांच हजार से ज्यादा लोग एग्जिबिशन में आए। एग्जिबिशन के अंतिम दिन जापान से आए आन्द्रे माक्र्स ने कहा कि सोलर, विंड और हाइड्रो के माध्यम से रिन्युएबल ऊर्जा के स्रोत विकसित किए जाने चाहिए। अफगानिस्तान के प्रेसिडेंट के इकोनोमिक एडवाइजर तथा तापी बोर्ड के मेंबर अजमल अहमदी भी रविवार को एग्जिबिशन में आए। उन्होंने भविष्य में तुर्कीस्तान, अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत से गुजरने वाली तापी गैस पाइपलाइन के प्रोजेक्ट पर चर्चा की।
छोटे और फैंसी कट हीरों की डिमांड में बढ़ोतरी
सूरत के हीरा उद्यमियों के लिए क्रिसमस अच्छा साबित होने जा रहा है। दिवाली वेकेशन के बाद उन्हें छोटे, पतले और फैंसी कट हीरों के लिए बड़े पैमाने पर ऑर्डर मिल रहे हैं।
हीरा उद्योग के सूत्रों के अनुसार नई पीढ़ी पारपंरिक ज्वैलरी की अपेक्षा छोटी, डिजाइनर और एंटिक ज्वैलरी पसंद करती है, जो छोटे, पतले तथा माइनस साइज के हीरों से बनती है। अक्टूबर से अमरीका और यूरोप के हीरा उद्यमियों की ओर से इनकी डिमांड की जा रही थी। इन दिनों डिमांड और बढ़ गई है। कई उद्यमियों ने तो अभी से वेलेंटाइन डे को ध्यान में रखकर इन हीरों का उत्पादन शुरू कर दिया है। डीटीसी कंपनी की नवंबर की साइट में रफ हीरों की कीमत तीन प्रतिशत घटा दी गई थी। इससे इस बार हीरा उद्यमियों का लाभ बढऩे की उम्मीद है। दिवाली से पहले तक रफ हीरों की कीमत लगातार बढऩे और पॉलिश्ड हीरों की कीमत में कमी के कारण उद्यमी परेशान थे, लेकिन नवंबर में एक ओर रफ हीरों की कीमत घटी है, वहीं कट और पॉलिश्ड हीरों की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। स्थानीय हीरा उद्यमियों को इसका लाभ मिलेगा।
Published on:
02 Dec 2018 08:22 pm
