9 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लोगों को नहीं मालूम, कौन खा रहा उनका राशन

-शहर के लिंबायत जोन में तीन दर्जन से अधिक सरकारी अनाज के दुकानदारों पर शक की सुई,-भाजपा पार्षद ने खोली पोल, अब पुलिस में दर्ज कराएंगे शिकायत

2 min read
Google source verification
surat shop

सूरत. लिंबायत जोन के सरकारी अनाज की दुकानों पर गड़बड़झाला चल रहा है। सैकड़ों लोगों का राशन कौन खा जा रहा है, यह न तो उपभोक्ता को पता है, न प्रशासन को। बस हर महीने ऑनलाइन रिपोर्ट में उनका राशन बंटा हुआ बताया जा रहा है। इनमें से कई तो ऐसे हैं, जिन्होंने साल भर से अधिक समय से दुकानों की ओर रुख भी किया है।


लिंबायत जोन के करीब तीन दर्जन सरकारी अनाज की दुकानों के खिलाफ भाजपा पार्षद अमितसिंह राजपूत ने मोर्चा खोला है। पार्षद का आरोप है कि जोन में कुल 55 लोगों को प्रशासन ने सरकारी अनाज की दुकान का लाइसेंस दिया है। जांच में पता चला है कि इनमें से तीन दर्जन दुकानों में गड़बड़ी चल रही है। लोगों का राशन ऑनलाइन रिपोर्ट में बंटा हुआ बताया जा रहा है, जबकि वह साल-दो साल से दुकान पर गए ही नहीं हैं। आधार के साथ कार्ड जुडऩे के बाद से कइयों को राशन मिलना बंद हो गया। कई लोगों ने राशन लेना बंद कर दिया था। इसका फायदा उठाते हुए दुकानदारों ने उनके आधार कार्ड के थंब इम्प्रेशन का भी गलत इस्तेमाल किया।

इस तरह हुआ खुलासा

पार्षद अमितसिंह राजपूत ने बताया कि पिछले कुछ समय से उनके पास राशन नहीं मिलने की शिकायत लेकर लोग पहुंच रहे थे। लोगों ने उन्हें बताया कि आधार से कनेक्शन नहीं करने पर उनका राशन बंद कर दिया गया था। जब उन्होंने आधार से राशन कार्ड कनेक्ट कराने की प्रक्रिया पूरी कर ली, तो दुकानदारों ने उन्हें राशन आने पर सूचना देने की बात कही थी। साल-दो साल बाद तक भी उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। इधर, उनके राशन कार्ड पर राशन जारी होने की जानकारी वेबसाइट पर लगातार अपडेट होती रही। शिकायकर्ता ने जब राशन नहीं मिलने की बात पार्षद से की तो उन्होंने इसकी जांच में पाया कि हर महीने लोगों को राशन दिया जा रहा है। ऐसे कई केस सामने आने पर उन्होंने इसकी सूचना कलक्टर और जिला आपूर्ति अधिकारी को दी। अधिकारियों ने मामले की गंभीरता पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा जताया है।
इन लोगों के नाम पर हड़प गए राशन
1. जयंती भानु, नीलम नगर, गोड़ादरा
2. वीरेन्द्र उपाध्याय, कृष्णानगर-2, लिंबायत
3. निकुम गोकुल बेन, गणेशनगर, लिंबायत
4. गिरधर शुक्ला, प्रियंका-2, गोड़ादरा
5. गौतम, श्रीनाथ चाल

प्राथमिकी दर्ज कराएंगे
यह गंभीर मामला है। राशन दुकानदारों ने गरीब लोगों के थंब इम्प्रेशन का अनधिकृत इस्तेमाल कर ठगी की है। पुलिस थाने में इसकी शिकायत करेंगे। कलक्टर ने भी सख्त कार्रवाई का भरोसा जताया है।
अमित सिंह राजपूत, वार्ड 25, गोड़ादरा-डिंडोली (उत्तर)