4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पायलट सोने चला गया, रात की फ्लाइट रद्द करने पर यात्रियों का हंगामा, पुलिस को बुलाना पड़ा

शनिवार रात देर से आई दिल्ली जाने वाली फ्लाइट, रिशिड्यूल कर रविवार सुबह रवाना किया
2 min read
Google source verification

सूरत

image

Vineet Sharma

Aug 19, 2018

patrika

पायलट सोने चला गया, रात की फ्लाइट रद्द करने पर यात्रियों का हंगामा, पुलिस को बुलाना पड़ा

सूरत. सूरत-दिल्ली के बीच उडऩे वाली फ्लाइट शनिवार रात देर से सूरत आई। पायलट के उड़ान पर जाने से मना करने पर यात्री भड़क गए और एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। व्यवस्था संभालने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन को पुलिस बुलानी पड़ी। इस फ्लाइट को रिशिड्यूल कर रविवार सुबह रवाना किया गया।

एयर इंडिया सूरत-दिल्ली के बीच रात की फ्लाइट भी संचालित करता है। यह फ्लाइट दिल्ली से सूरत आती है और वापसी में उसी दिन सूरत से दिल्ली के लिए उड़ान भरती है। रात ८.३० बजे आने वाली फ्लाइट शनिवार रात ९.२० मिनट पर सूरत आई। इससे पहले यात्रियों को फ्लाइट के देरी से आने की सूचना दी जाती रही। दिल्ली जाने वाली फ्लाइट से ११६ यात्रियों को उड़ान भरनी थी। जैसे ही फ्लाइट सूरत पहुंची, आरोप है कि पायलट ने ड्यूटी टाइम पूरा होने की बात कह दिल्ली के लिए उड़ान भरने से मना कर दिया और सोने चला गया।

पायलट के फ्लाइट को वापस दिल्ली ले जाने से मना करने पर एयर इंडिया के सूरत प्रशासन ने यात्रियों को उड़ान रद्द करने की सूचना दी। इससे गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रियों को पहले 15 मिनट फ्लाइट लेट होने की जानकारी दी गई थी। बाद में यह समय बढ़ता गया। जब फ्लाइट सूरत पहुंची तो अचानक उसके रद्द करने का ऐलान कर दिया। उनकी नाराजगी इस बात पर थी कि फ्लाइट पायलट के उड़ान भरने से मना करने पर रद्द की गई है।

पुलिस सुरक्षा में निकला स्टाफ

यात्रियों का हंगामा देख फ्लाइट का क्रू स्टाफ अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहा। पुलिस ने उन्हें कॉर्डन कर बाहर निकाला और अपनी गाड़ी से सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब तीन घंटे तक यात्रियों ने हंगामा किया। लोगों का आरोप है कि पायलट का टाइम पूरा होने के कारण पायलट सोने चला गया, जबकि दिल्ली जाने के लिए यात्री फ्लाइट के उड़ान भरने का इंतजार कर रहे थे। एयर इंडिया प्रशासन पहले यात्रियों को देरी से फ्लाइट जाने की सूचना देता रहा। एक बार तो यात्रियों को विमान में बैठने के लिए भी कहा गया। बाद में अचानक फ्लाइट नहीं जाने की सूचना दी और यात्रियों से रिफंड लेने या यात्रा को रिशिड्यूल करने के लिए कहा गया। इससे गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट ऑथिरिटी के अधिकारियों और अन्य स्टाफ से भी धक्का-मुक्की की तो हालात एयरपोर्ट प्रशासन के नियंत्रण से बाहर हो गए। हालात संभालने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। रात करीब डेढ़ बजे तक एयरपोर्ट पर हंगामे के हालात रहे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने यात्रियों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत कराया।

रविवार रात की फ्लाइट भी रिशिड्यूल

हालात बिगड़ते देख एयर इंडिया प्रशासन ने शनिवार रात दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट को रिशिड्यूल किया। इसके बाद जिन यात्रियों को रिफंड लेना था, उनकी रकम लौटाने के साथ ही लोगों की अगली तारीखों पर यात्रा की व्यवस्था की गई। रिशिड्यूल की गई फ्लाइट को रविवार सुबह ९.३० बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया। इस फ्लाइट से ८० यात्रियों ने उड़ान भरी। उधर, एयर इंडिया प्रशासन ने रविवार रात को दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट को भी रिशिड्यूल करने की सूचना यात्रियों को भेजी। फ्लाइट के रविवार रात दस बजे सूरत से उड़ान भरने और रात ११.४५ बजे दिल्ली पहुंचने की जानकारी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भेजी गई।