
नेचुरल फैब्रिक्स में भी कपड़ा उद्यमियों ने परचम लहराया
सूरत
पॉलिएस्टर कपड़ों के उत्पादन में नंबर वन सूरत के उद्यमियों ने नेचुरल मेन मेड फैैब्रिक्स में भी अपना परचम लहरा दिया है। सूरत में पॉलिएस्टर कपड़ों के साथ नेचुरल मैन मेड फैब्रिक्स का उत्पादन भी तेजी से बढ़ा है।
समय के साथ बदलते फैशन के कारण शहर के उद्यमियों ने ग्राहकों की इच्छा के अनुसार कपड़ों का उत्पादन शुरू किया है। सूरत के कपड़ा उद्यमी साड़ी, ड्रेस मटीरियल्स के साथ लहंगा, चुनरी, लिनन के कपड़े, डेनिम के कपड़े आदि का उत्पादन करने लगे हैं। इसके अलावा कपड़ा उद्यमी अब बड़े पैमाने पर नेचुरल मैन मेड फैब्रिक्स का उत्पादन भी कर रहे हैं। इसमें हाइन कपड़ों, जिसमें कॉटन, रेयोन, मोडाल, एक्सल, विस्कोस फिलामेंट, लिनन और बांबू शामिल हैं, का उत्पादन बड़े पैमाने पर हो रहा है। इन कपड़ों पर डाइंग-प्रोसेसिंग के लिए पहले यहां डाइंग-प्रिंटिंग यूनिट कम थीं, लेकिन अब कई यूनिट पर काम हो रहा है। कपड़ा उद्यमी सुभाष धवन के अनुसार पहले सूरत के उद्यमियों को चीन से यह कपड़ा आयात करना पड़ता था। सूरत में बनने वाले कपड़े सस्ते होने के कारण यहां के उद्यमियों ने चीन का मार्केट छीन लिया है। आगामी दिनों में चीन के कपड़ों के स्थान पर सूरत के कपड़ों का निर्यात बढ़ेगा।
स्मृति ईरानी आज सोर्स-18 का उद्घाटन करेंगी
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी शुक्रवार को फैब्रिक्स एग्जिबिशन सोर्स-2018 का उद्घाटन करेंगी। सिंथेटिक रेयोन टैक्सटाइल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल की ओर से सरसाणा के इंटरनेशनल एग्जिबिशन कन्वेंशन सेंटर में होने वाली तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी में सूरत समेत देशभर के बड़े कपड़ा उद्यमी अपने ब्रांड फैब्रिक्स के स्टॉल लगाएंगे। बड़ी संख्या में देश-विदेश के खरीदार भी आएंगे। बताया जा रहा है कि चीन और अमरीका के बीच ट्रेड वॉर चल रहा है। ऐसे में यदि भारत के कपड़े सस्ते रहे तो भारत के उद्यमियों को लाभ मिल सकता है। सूरत में बनने वाले कई फैब्रिक्स पर विदेशी खरीदारों की नजर होगी।
Published on:
21 Sept 2018 10:04 am
