
‘अंकल’ का कोई सुराग नहीं, पकडऩे के लिए पुलिस ने दस टीमें बनाईं
सूरत. डिंडोली क्षेत्र में ही पांच साल की दूसरी बच्ची को सोते हुए उठा ले जाने के बाद बलात्कार के मामले के अभियुक्त को पकडऩे के लिए डिंडोली पुलिस के साथ पीसीबी, डीसीबी और एसओजी के पुलिसकर्मियों की दस अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। अभियुक्त का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है।
जांच अधिकारी वी.एम.मकवाना ने बताया कि पुलिस अभियुक्त की खोज कर रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बच्ची के रोते हुए घर पहुंचने पर माता-पिता ने उसे सुला दिया था, लेकिन सुबह उसके प्राइवेट पार्ट से खून निकलता देखने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्ची से बलात्कार की पुष्टि की। बच्ची फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
डिंडोली बलात्कार मामले का अभियुक्त 5 दिन रिमांड पर
डिंडोली के बिलियानगर से पांच साल की बच्ची का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार रोशन का सोमवार को कोर्ट ने पांच दिन का रिमांड मंजूर कर 5 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। डिंडोली की ही दूसरी बच्ची के साथ बलात्कार के मामले के अभियुक्त ‘अंकल’ का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका है। पुलिस ने उसे खोजने के लिए दस टीमें बनाई हैं।
जांच अधिकारी वी.एम.मकवाना ने बताया कि 24 घंटे की पुलिस हिरासत खत्म होने के बाद सोमवार को अभियुक्त को कोर्ट में पेश कर दस दिन के रिमांड की मांग की गई। लोकअभियोजक की ओर से दलीलें पेश की गईं कि बलात्कार जैसे गंभीर अपराध के इस मामले में अभियुक्त के साथ अन्य कोई शामिल है या नहीं, अभियुक्त बच्ची को कैसे लेकर गया. यह पता करने तथा वैज्ञानिक और सांयोगिक सबूत जुटाने के लिए अभियुक्त की पुलिस हिरासत जरूरी है। कोर्ट ने पांच दिन का रिमांड मंजूर कर 5 अक्टूबर तक अभियुक्त को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। गौरतलब है कि बिलियानगर क्षेत्र निवासी श्रमिक परिवार की पांच साल की बच्ची शनिवार को लापता हो गई थी। परिजनों की ओर से पुलिस में शिकायत करने पर अपहरण का मामला दर्ज कर डिंडोली पुलिस बच्ची की खोज कर रही थी। पता चला कि पड़ोस में रहने वाला रोशन नाम का युवक बच्ची को अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपहरण कर बच्ची से बलात्कार की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर अपहरण के ग्यारह घंटे बाद पुलिस ने डिंडोली तालाब के पास रखे पाइप से बच्ची को लहूलुहान हालत में बरामद किया था और अस्पताल में भर्ती करवाया था।
कतारगाम में आठ साल की बच्ची से बलात्कार की कोशिश
सूरत. डिंडोली में दो मासूम बच्चियों का अपहरण कर बलात्कार की घटना को लेकर लोगों का आक्रोश अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि कतारगाम क्षेत्र में आठ साल की बच्ची से बलात्कार के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने बलात्कार के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त का नाम किशन कैलाश राठी (50) है। वह कतारगाम के खरी मोहल्ले में पान की दुकान चलाता है। आरोप है कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे उसने आठ साल की बच्ची को अपने पास बुलाया और पान की दुकान के पीछे ले जाकर बलात्कार का प्रयास किया। बच्ची रोने लगी तो वह वहां से भाग गया। बच्ची ने उसकी हरकतों के बारे में माता-पिता को बताया तो वह उसे लेकर थाने पहुंचे और किशन के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।

Published on:
01 Oct 2018 09:00 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
