
पांच जगह पंक्चर फिर भी नहीं मिली खामी
सूरत. बीते करीब 20 दिनों से पूणा की शिवशक्ति सोसायटी में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पिछले तीन दिनों से तो पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है और लोग प्यास बुझाने के लिए भी टैंकर पर निर्भर हैं। मनपा प्रशासन इस दौरान सोसायटी में ही डेरा डाले हुए है, लेकिन समस्या हल नहीं हो रही। फाल्ट ढूंढने के लिए अधिकारियों ने क्षेत्र में पांच जगह पर पंक्चर कर लिए लेकिन वजह का पता नहीं चल पाया है।
भीषण गर्मी के बीच शहर में पानी को लेकर इन दिनों हाहाकार मचा हुआ है। लोगों को पीने को पानी नहीं मिल रहा और जहां मिल रहा है, लोगों की शिकायत है कि पानी कम प्रेशर से बहुत कम मिल रहा है या फिर गंदा पानी आपूर्ति हो रहा है। देशभर में विभिन्न केटेगरियों में अवार्ड अपनी झोली में डाल रही मनपा पानी के मुद्दे पर अचानक बैकफुट पर आ गई है।
इन दिनों पुणा क्षेत्र की शिवशक्ति सोसायटी में तो स्थिति बेहद खराब है। यहां बीते 20 दिनों से लोगों को जरूरतभर का पानी नहीं मिल रहा। पानी आ भी रहा है तो अनियमित आपूर्ति हो रही है और पानी का प्रेशर काफी लो है। ऐसे में लोगों के लिए पानी जमा कर पाना भी मुश्किल हो रहा है। बीते तीन दिनों से तो स्थिति यह है कि सोसायटी में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
यह जानकारी मिलते ही अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई और वहीं डेरा डाले हुए हैं। तीन दिन से आपूर्ति ठप होने की वजह खोजी जा रही है, लेकिन सफलता नहीं मिल रही। खामी ढूंढने के लिए अधिकारियों ने पांच जगह पर पंक्चर कर खड्डे खोद दिए। इसके बावजूद अभी तक समझ नहीं पाए कि आखिर पानी अटक कहां रहा है?
संकलन के अभाव का आरोप
सोसायटी में रह रहे लोगों का आरोप है कि इसके लिए मनपा प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार है। जोन दफ्तर और हाइड्रोलिक टीम के बीच समन्वय और संकलन का अभाव है। इस वजह से समस्या की जड़ तलाशने में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि शुरु में जब लो प्रेशर के साथ पानी कम और अनियमित आपूर्ति से आ रहा था, अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। मनपा की इस लापरवाही का खामियाजा सोसायटी में रह रहे करीब पांच सौ परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मनपा टैंकर से पानी पहुंचाने में भी विफल रही है। उन्हेंं पैसे देकर टैंकर से पानी मंगवाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समीप की सोसायटी से भी पानी लेकर काम चलाना पड़ रहा है। सोसायटी के करसन भाई ने बताया कि जोन दफ्तर और हाइड्रोलिक विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
पानी की दिक्कत बड़ी
गर्मी के मौसम में पानी की दिक्कत लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई है। सोसायटी में लोग पानी के लिए परेशान हैं और मनपा अधिकारियों का रवैया संतोषजनक नहीं है। अधिकारियों को लोगों की मुश्किल समझनी होगी।
विजय पानसेरिया, पार्षद, सूरत मनपा
Updated on:
19 Oct 2018 08:47 pm
Published on:
19 Oct 2018 08:47 pm
