
Australian Open : चेक गणराज्य के थॉमस बर्डिख को हरा नडाल ने क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया
नई दिल्ली। वर्ल्ड नंबर-2 स्पेन के राफेल नडाल ने रविवार को यहां दमदार प्रदर्शन करते हुए साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। नडाल ने चौथे दौर में चेक गणराज्य के थॉमस बर्डिख को सीधे सेटों में 6-0, 6-1, 7-6 (7-4) से शिकस्त दी। उन्होंने 11वीं बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता हैं नडाल -
रॉड लेवर एरेना में खेला गया यह मुकाबला केवल दो घंटे और पांच मिनट तक ही चला। 17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नडाल ने अपनी ताकत और तेजी का सही उपयोग करते हुए बेहतरीन शुरुआत की और विपक्षी खिलाड़ी को पहले सेट में एक भी गेम जीतने का मौका नहीं दिया।दूसरे सेट में भी नडाल ने अपने खेल के स्तर में कमी नहीं आने दी। बर्डिख दूसरे सेट में केवल एक अंक ही हासिल कर पाए। हालांकि, तीसरे सेट में दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। बर्डिख ने स्पेनिश दिग्गज को परेशानी में डाला और तीसरे सेट को टाई-ब्रेकर तक ले गए लेकिन अंतिम क्षणों में उन्होंने गलतियां की जिसके कारण नडाल 7-4 से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।
मेदवेदेव चौथे दौर में पहुंचे -
रूस के डेनिल मेदवेदेव शनिवार को यहां अंतिम-16 में प्रवेश करने में कामयाब रहे। समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, रूसी खिलाड़ी ने बेल्जियम के डेविड गोफिन को सीधे सेटों में 6-2, 7-6 (3), 6-3 से काररी शिकस्त दी। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला दो घंटे एक मिनट तक चला। मेदवेदेव ने मैच की दमदार शुरुआत की। हालांकि, उन्हें दूसरे सेट में कड़ी टक्कर मिली लेकिन अहम क्षणों पर संयम रखते हुए उन्होंने टाई-ब्रेकर को 7-2 से जीतते हुए विपक्षी खिलाड़ी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। तीसरे सेट में भी वह अपने बेहतरीन फॉर्म में नजर आए और अगले दौर में पहुंचने में कामयाब रहे। रूसी खिलाड़ी तीसरी बार आस्ट्रेलियन ओपन में भाग ले रहे हैं।
Published on:
20 Jan 2019 02:11 pm
