
Actor Shine Tom Chacko and Family Involved in Accident, father dies
Good Bad Ugly Actor Shine Tom Chacko Accident: मलयालम और फिल्म ‘गुड बैड अग्ली' से दर्शकों के दिल पर राज करने वाले एक्टर शाइन टॉम चाको का एक्सीडेंट हो गया है। इस दौरान उनके पिता की मौके पर ही मौत हो गई और एक्टर और उनके भाई को आनन-फानन में धर्मपुरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बड़े हादसे के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री हैरान रह गई है। हर कोई एक्टर के लिए दुआ कर रहा है वहीं, उनके पिता को श्रद्धांजलि दे रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार बताया जा रहा है कि एक्टर शाइन टॉम चाको और उनके परिवार के साथ यह दुर्घटना तमिलनाडु के धर्मपुरी के पास पलाकोट्टई में सुबह 7 बजे के आसपास हुई है। शाइन अपने माता- पिता और भाई के साथ गाड़ी में मौजूद थे। गाड़ी उनका ड्राइवर चला रहा था। तब ही उनकी कार एक लॉरी से टकरा गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर बहुत जोरदार थी। सभी पांच लोगों को चोटें आईं हैं और उन्हें तुरंत इलाज के लिए पलाकोट्टई के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। लोगों ने बताया कि एक्टर को हाथ में चोट आई है।
सोशल मीडिया पर इस खबर के बाद से तहलका मचा हुआ है। हर कोई अपने फेवरेट एक्टर के बारे में जानना चाहता है। इस भयंकर एक्सीडेंट की तस्वीरें भी इंटरनेट पर वायरल हो रही है। जिसमें साफ देखा जा सकता है कि टक्कर काफी जोरदार रही होगी, जिस कारण गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह से टूट गया है। वहीं, हॉस्पिटल से एक्टर की एक वीडियो भी सामने आई है जिसमें डॉक्टर उनका इलाज करते दिखाई दे रहे हैं।
दुर्घटना के बाद डॉक्टर ने जानकारी दी की इस हादसे में एक्टर के पिता सी.पी. चाको की मौत हो गई है। शाइन टॉम चाको, उनकी मां, भाई और ड्राइवर फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी हालत के बारे में आगे की जानकारी का इंतजार है।
एक्टर चाको ने 2011 में गदाम्मा फिल्म से अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। इससे पहले वह लगभग एक दशक तक सहायक निर्देशक के रूप में काम करते थे। इसके बाद से वह चैप्टर, अन्नयम रसूलम, मसाला रिपब्लिक और जिगरथंडा डबलएक्स जैसी प्रमुख फिल्मों में नजर आए। चाको को हाल ही में तमिल फिल्म गुड बैड अग्ली में देखा गया था। इस फिल्म में मुख्य किरदार एक्टर अजित ने निभाया था।
Published on:
06 Jun 2025 11:38 am
